रायपुर। 03 सितंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के 31वें नए जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई का शुभारंभ किया।दुर्ग संभाग के अंतर्गत इसकी जनसंख्या 3 लाख 68 हजार 444 है। कुल ग्रामों की संख्या 494 तथा 3 नगरीय निकाय हैं। दो उप खण्ड खैरागढ़ एवं गण्डई-छुईखदान होंगे। तीन तहसील गण्डई, छुईखदान, खैरागढ़ होंगे, वहीं 2 विकासखण्ड छुईखदान एवं खैरागढ़, 16 राजस्व निरीक्षक मंडल होंगे।
इस नवीन जिले में 107 पटवारी हल्का, 221 ग्राम पंचायतें है। इस नवीन जिले के उत्तर में कबीरधाम जिला, दक्षिण में तहसील डोंगरगढ़, तहसील राजनांदगांव, पूर्व में तहसील साजा एवं धमधा और पश्चिम में तहसील लांजी जिला- बालाघाट (मध्यप्रदेश) की सीमाएं लगी है। खनिज और संसाधनों से समृद्धि होने से जिला बनने से यहां औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
नया जिला बन जाने से नागरिकों को काफी राहत मिलेगी और कई महत्वपूर्ण कार्य आसानी से होंगे। प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण होने का फायदा आम जनता को मिलेगा। बुनियादी सुविधाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न लोगों तक आसानी से उपलब्ध होगी और सुविधाओं का विस्तार होगा।
वहीं शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन दूरस्थ अंचलों तक आसानी होगा। रोड कनेक्टिविटी, पुल-पुलिया के निर्माण से सुदूर वनांचल के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी। नया जिला गढ़ने से आने वाले वर्षों में इसके सुखद परिणाम मिलेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नवनिर्मित जिले का शुभारंभ किया। राजा फतेह सिंह खेल मैदान खैरागढ़ में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवगठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के शुभारंभ कार्यक्रम खैरागढ़ में 364 करोड़ 56 लाख रूपए के 95 कार्य का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया।
जिसमें 350 करोड़ 96 लाख 31 हजार रूपए के 82 कार्यों का भूमि पूजन, 13 करोड़ 59 लाख 96 हजार रूपए के 13 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 213 हितग्राहियों को 37 लाख 48 हजार रूपए की सामग्री का वितरण भी किया।















