BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के 30वें जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का किया शुभारंभ: कहा- पौने चार साल में 6 नए जिले बने, जनता और प्रशासन के बीच की दूरी हुई कम

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सारंगढ़ के खेल भांठा मैदान में आयोजित विशाल समारोह में राज्य के 30 वें जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का शुभारंभ किया। उन्होंने नए जिले में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 540 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नए जिले के रूप में अस्तित्व में आने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने के लिए पिछले 4 साल में 6 नए जिले बनाए हैं। इससे जनता को काफी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा की कई दशकों के लगातार संघर्ष के बाद सारंगढ़ अलग जिला बन पाया है। जिले के निर्माण के संघर्ष में कई पीढिय़ों ने योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ को जिला बनाने में बिलाईगढ़ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। बिलाईगढ़ वासियों की सहमति से ही सारंगढ़ जिला बन पाया है। श्री बघेल ने कहा कि सारंगढ़ शुरू से मानव जाति की सभ्यता का केन्द्र रहा है। कई शक्तिपीठों के साथ ही बाबा घासीदास जी के प्रति आस्था रखने वालों की बहुलता है। सारंगढ़ का दशहरा उत्सव भी बस्तर दशहरा की तरह विख्यात है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा की कलेक्टर, एसपी के बाद अन्य जिला स्तरीय कार्यालय भी जल्द खुलेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा की पिछले 4 सालों में प्रदेश में सर्वांगीण विकास के काम हुए हैं। धान खरीदी के संबंध में की गई घोषणा पर हम अटल है। हर साल खरीदी मूल्य बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत 4 साल में धान बेचने वाले किसानों की संख्या 11 लाख बढ़ी है। अब लगभग 26 लाख किसान धान बेच रहे हैं। सरकार की नीति से सभी किसान एवं ग्रामीण खुश हैं। खेतों में फसल लहलहा रही है।bमुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 150 करोड़ रुपए की गोबर खरीदी की जा चुकी है। गोबर के बाद अब गोमूत्र की खरीदी भी गोठानो से हो चुकी है। इन सबके असर से जैविक खेती को बढ़ावा मिल रहा है। तेंदूपत्ता की 4 हजार प्रति मानक बोरे में खरीदी के साथ ही 65 प्रकार के लघु वनोपजों की सरकारी खरीदी की जा रही है। छत्तीसगढ़ में पिछले 4 सालों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। गोठान रोजगार के महत्वपूर्ण केन्द्र बने हैं। इन सबके परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ देश में सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में 279 आत्मानंद स्कूल खुल चुके हैं। 422 और नए स्कूल खोलने की कार्ययोजना पर काम चल रही है। अंग्रेजी माध्यम के कॉलेज भी खोले गए हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए चार साल में 4 नए मेडिकल कॉलेज भी खोले हैं। हॉट-बाजार क्लीनिक के साथ लोगों को धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स से सस्ती दवाइयां भी मुहैया करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनता के जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए मदद करने को हम रेवड़ी बांटना नहीं मानते। लोकतंत्र में यह हमारा कर्तव्य है। सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री एवं रायगढ़ के प्रभारी मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने की। समारोह को उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल , संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, विधायक सारंगढ़ उत्तरी जांगड़े एवं विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक ने संबोधित करते हुए नए जिले निर्माण पर जिले की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कलेक्टर रायगढ़ रानू साहू ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए नए जिले की विशेषताओं से अवगत कराया। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव शकुंतला साहू, विधायक रामकुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, राकेश वर्मा सहित मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुब्रत साहू, संभागायुक्त डॉ.संजय अलंग, आईजी रतनलाल डांगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ वासियों को  देंगे 540 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 3 सितम्बर को नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ वासियों को 540 करोड़ 32 लाख 98 हजार रुपये की लागत के 46 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिसमें 28 करोड़ 3 लाख 1 हजार रुपए की लागत से निर्मित 20 कार्यों का लोकार्पण एवं 512 करोड़ 29 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 26 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। सारंगढ़ में 27 करोड़ 76 लाख 26 हजार रुपये की लागत से 12 लोकार्पण एवं 484 करोड़ 82 लाख 39 हजार रुपये की लागत से 12 भूमिपूजन कार्य शामिल है। इसी तरह बिलाईगढ़ में 26 लाख 75 हजार रुपये की लागत से 8 लोकार्पण एवं 27 करोड़ 47 लाख 58 हजार रुपये की लागत से 14 भूमिपूजन कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री बघेल जिन कार्यों का लोकार्पण करेंगे उनमें विकासखण्ड सारंगढ़ में आदिवासी विकास विभाग द्वारा 01 करोड़ 52 हजार 97 हजार रुपये की लागत से 50 सीटर प्री.मै.आदिवासी कन्या छात्रावास, सारंगढ़ में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत 78 लाख 29 हजार रुपये के 4 कार्यो में बैगीनडीह एवं कपरतुंगा में सिंचाई नाला, अमलडीहा में चेकडेम एवं रामटेक में तटबंध निर्माण कार्य, जल संसाधन विभाग द्वारा सारंगढ़ में 5 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से पर्यावरणीय गार्डन, शिक्षा विभाग द्वारा बरमकेला एवं सारंगढ़ में 3 करोड़ 44 लाख रुपये के 4 कार्य जिसमें पोरथ, पिड़कीडीपा, पेण्ड्री एवं डोंगरीपाली में हाईस्कूल भवन निर्माण, सेतु निर्माण संभाग द्वारा सारंगढ़ में 16 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से 2 कार्य जिसमें बंजारी मंदिर के पास नाले पर पुल निर्माण एवं देवदरहा नाला में पुलिया निर्माण शामिल है।

इसी तरह विकासखण्ड बिलाईगढ़ में छ.ग.ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण द्वारा 2631 लाख 31 हजार रुपये की लागत से 5 कार्य, जिला खनिज संस्थान न्यास मद से बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत रोहिना में 3 लाख 99 हजार रुपये की लागत से मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक शेड निर्माण कार्य, पुलिस विभाग द्वारा लघु निर्माण कार्य मद से 40 लाख रुपये की लागत से थाना सलिहा एवं भटगांव में जवानों हेतु बैरक निर्माण का लोकार्पण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री बघेल जिन कार्यों का भूमिपूजन करेंगे उनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बरमकेला एवं सारंगढ़ में 471 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से रेट्रोफिटिंग एवं नलजल प्रदाय योजना के 5 कार्य, लोक निर्माण विभाग द्वारा सारंगढ़ में 13 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से 5 अलग-अलग जगहों में पहुंच मार्ग निर्माण कार्य, मनरेगा अंतर्गत सारंगढ़ के प्राथमिक शाला नौरंगपुर में 19 लाख 98 हजार रुपये की लागत से अहाता निर्माण एवं ग्राम भडि़सार में 18 लाख 41 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड सह सुरक्षा दीवाल निर्माण कार्य शामिल है। इसी तरह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 24 करोड़ 47 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बिलाईगढ़ के 13 जगहों में जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी टंकी, पाइप लाईन, घरेलू नल कनेक्शन इत्यादि कार्य तथा वन विभाग द्वारा 3 करोड़ रूपये की लागत से बिलाईगढ़ में जैव विविधता पार्क का भूमिपूजन कार्य शामिल है।

Related Posts