BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज नगरीय निकायों के महापौरों और अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद, छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में होंगे शामिल

 

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 15 फरवरी को दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर के होटल बेबीलोन इन्टरनेशनल में आयोजित ‘गौरव समागम 2023, अर्बन प्राइड अवार्डस’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगरीय निकायों के महापौरों और अध्यक्षों के लिए आयोजित इस एक दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम एवं फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु उत्कृष्ट करने वाले नगरीय निकायों के सम्मान समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डाॅ. शिव कुमार डहरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल कार्यक्रम में नगर निगमों के महापौरों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे और विभागीय योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन हेतु नगरीय निकायों को पुरस्कृत करेंगे। श्री बघेल कार्यक्रम के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की 4 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल भारत सरकार द्वारा डंडियन अर्बन हाउसिंग कान्क्लेव राजकोट में घोषित छत्तीसगढ़ के तीन हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सबके लिए आवास मिशन, शहरी आजीविका मिशन और संपति कर संग्रहण आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों को मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। नगरीय निकायों में विकास कार्यों के साथ साथ शहरों के तीव्र एवं सुनियोजित विकास की दिशा में कदम बढ़ाने महापौरों और अध्यक्षों के साथ मुख्यमंत्री खुली चर्चा करेंगे और शहरी विकास को गति देने मंथन किया जायेगा।

छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में होंगे शामिल: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे। समापन समारोह का आयोजन आज बुधवार 15 फरवरी को शाम 4.30 बजे पी.टी.एस. माना कैंप, रायपुर में किया जाएगा।समापन समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी उपस्थित रहेंगे। यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ में आल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स मीट की तर्ज पर तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

छत्तीसगढ़ के स्थानीय खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के दो खेलों रस्सा-कसी और गेंडी दौड़ को भी शामिल किया गया था। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के सभी जिले की पुलिस और सभी बटालियन के जवान व अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समापन अवसर पर प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण करेंगे। समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस की फेंसिंग टीम, कराटे टीम, पुलिस डॉग एवं अश्व दल के द्वारा विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

Related Posts