रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल और लोहड़ी पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी लोगों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की है। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि भारत में सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण होकर मकर रेखा की ओर जाने का स्वागत बहुत उमंग और उत्साह से किया जाता है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में इसे मकर संक्रांति, पोंगल और लोहड़ी पर्व के नाम से मनाते हैं। यह त्यौहार ऋतु परिवर्तन का संदेश लेकर आता है। श्री साय ने कहा है कि यह पर्व सभी लोगों के जीवन में सुखद परिवर्तन लेकर आए।
मुख्यमंत्री आज शामिल होंगे पतंग उत्सव, छत्तीसगढ़ राज्य लोधी समाज के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह और तातापानी संक्रांति परब कार्यक्रम में: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 जनवरी को राजधानी रायपुर में आयोजित पतंग उत्सव, नगर पंचायत पथरिया में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य लोधी समाज के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह तथा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम तातापानी में आयोजित ‘तातापानी संक्रांति परब’- 2024 में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 जनवरी को पूर्वान्ह 11.30 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित पतंग उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 12.10 बजे पुलिस मुख्यालय हेलीपेड नवा रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा मुंगेली जिले की नगर पंचायत पथरिया के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 12.40 बजे से आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य लोधी समाज के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नगर पंचायत पथरिया से दोपहर 1.40 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 2.40 बजे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम तातापानी पहुंचेंगे और वहां आयोजित तातापानी संक्रांति परब-2024 में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ग्राम तातापानी से हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 3.40 बजे प्रस्थान कर शाम 4.10 बजे जशपुर जिले के ग्राम बगिया पहुंचेंगे।















