BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छेरछेरा पर्व, राष्ट्रीय पर्यटन दिवस और राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक पर्व छेरछेरा की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगल कामना की है। श्री साय ने छेरछेरा पर्व की पूर्व संध्या पर जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि महादान और फसल उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला छेरछेरा त्योहार हमारी सामाजिक समरसता, दानशीलता की और समृद्ध गौरवशाली परम्परा का संवाहक है। यह नई फसल के घर आने की खुशी में पौष मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इसी दिन मां शाकम्भरी जयंती भी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शंकर ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी, इसलिए लोग धान के साथ साग-भाजी, फल का दान भी करते हैं।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि पर्यटन देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इससे न सिर्फ लोगों को स्थानीय सांस्कृतिक, भौगोलिक, प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं अद्भुत स्थलों को जानने का मौका मिलता है, बल्कि यह हजारों परिवारों के जीवनयापन के लिए आजीविका के नए रास्ते भी खोलता है।

श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय पर्यटन दिवस का उद्देश्य भारत में पर्यटन उद्योग के महत्व पर जोर देना है और लोगों के बीच इसके प्रति जागरूकता को बढ़ाना है ताकि यह देश को भविष्य में आर्थिक तरीके से लाभ देता रहे। भारत हमेशा से अपनी समृद्ध संस्कृतियों के लिए जाना जाता है इसलिए भारत के प्रत्येक क्षेत्र की एक लंबी और शानदार पृष्ठभूमि है। यह सब दिखाने का सबसे बड़ा तरीका पर्यटन के माध्यम से है। इसके माध्यम से व्यक्तियों को अपने देश की सुंदर भूमि के बारे में जानने के लिए भी जागरूक किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की दी बधाई: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें प्रजातांत्रिक मूल्यों और परम्पराओं को मजबूत बनाने के लिए जागरूक करता है। यह दिन लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हम अपने लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी निभाएं। मताधिकार और इसके प्रति नागरिकों की जागरुकता से ही लोकतंत्र मजबूत होगा। प्रत्येक मत राष्ट्र के नवनिर्माण का सबसे बड़ा आधार है,सभी नागरिकों को अपने बहुमूल्य मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी और निर्भीकता से करना चाहिए।

लोकतंत्र की आत्मा की रक्षा के लिए मतदान के प्रति स्वयं के साथ दूसरों को भी जागरुक करने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और मतदान प्रक्रिया में शामिल होकर गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।

Related Posts