BREAKING

Uncategorised

मुख्यमंत्री निवास में बिराजे भगवान श्री गणेश : मुख्यमंत्री ने की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगल कामना

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के अवसर पर आज शाम अपने निवास स्थित गणेश पंडाल में भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा की स्थापना की । उन्होंने भक्ति-भाव से गणपति भगवान की पूजा अर्चना कर प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नुआखाई पर्व की दी बधाई और शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से उत्कल समाज के लोगों को नुआखाई पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि ऋषि पंचमी को नुआखाई त्यौहार मनाया जाता है। यह त्यौहार नई फसल के आगमन, धरती एवं भगवान के वंदन और किसान भाईयों के बंधुत्व और एकत्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को गांव की समृद्धि, खुशहाली और सामाजिक संबंधों को प्रगाढ़ करने वाले इस त्यौहार की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्व मनाने के दौरान कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिये जरूरी उपायों का पालन करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री से पर्वतारोही श्री चित्रसेन साहू ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से निवास कार्यालय में बालोद निवासी पर्वतारोही चित्रसेन साहू ने सौजन्य मुलाक़ात की। श्री साहू ने मुख्यमंत्री को विगत 23 अगस्त को यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस (5642 मीटर) की अपने कृत्रिम पैरों से कठिन चढ़ाई कर शिखर पर लहराया तिरंगा भेंट किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने चित्रसेन साहू को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बाधाओं को अपनी शक्ति बनाकर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है और अपने अदम्य हौसले व जज्बे से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री से ‘मेरी चिड़िया‘ फिल्म के निर्माण यूनिट के सदस्यों ने की सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में ‘मेरी चिड़िया‘ नामक हिन्दी फीचर फिल्म के निर्माण यूनिट के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा के नेतृत्व में सौजन्य मुलाकात की। फिल्म का निर्माण छत्तीसगढ़ रामापीर स्टूडियो और फोक फीचर फिल्म के बैनर तले किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर फिल्म निर्माण इकाई के आग्रह पर मेरी चिड़िया फिल्म के लिए मुहूर्त शॉट दिया।

मुख्यमंत्री का रायपुर सराफा एसोसिएशन ने किया अभिनंदन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चालू शिक्षा सत्र से पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में जेम्स एंड ज्वेलरी त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम आरंभ होने पर शॉल-श्रीफल भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। इस तारतम्य में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में जेम्स एण्ड ज्वेलरी पाठ्यक्रम की शुरूआत से युवाओं का कौशल उन्नयन होगा और उनके लिए स्वरोजगार की राहें भी खुलेंगी। साथ ही साथ छत्तीसगढ़ देश-दुनिया में गेम्स एण्ड ज्वेलरी के कटिंग और पॉलिशिंग का हब बनकर उभरेगा।

Related Posts