रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 01 अक्टूबर को राजधानी रायपुर और जिला मुख्यालय सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय पूर्वान्ह 11 बजे रायपुर स्थित सर्किट हाउस के न्यू कन्वेंशन हॉल में ‘‘जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत‘‘ विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में शामिल होंगे।
श्री साय इस कार्यक्रम के बाद 11.50 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 01 बजे सूरजपुर पहुंचेंगे और वहां दोपहर 01.15 बजे से अग्रसेन स्टेडियम सूरजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस ‘‘सियान सम्मान कार्यक्रम‘‘ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम 4.25 बजे रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित सियान सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे। सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम में दोपहर 1 बजे से आयोजित सियान सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वृद्धजनों को सम्मानित करेंगे और सूरजपुर जिले को 187 करोड़ 51 लाख 72 हजार रूपए की लागत वाली 159 कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री इस मौके पर 110.67 करोड़ रूपए लागत वाले 109 कार्यो का भूमिपूजन तथा 76.84 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 50 कार्यो का लोकार्पण करेंगे।
बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सम्मान का ध्यान रखना हमारी नैतिक जवाबदारी: मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सभी बुजुर्गों को स्वस्थ, सुदीर्घ खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षण तथा सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण विकसित करने के लिए पूरे विश्व में एक अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है।
श्री साय ने कहा कि बुजुर्ग, परिवार ही नहीं पूरे समाज के लिए अमूल्य धरोहर होते हैं। वे जीवन भर परिवार और समाज को अपना अमूल्य योगदान देते हैं। उनके पास अनुभव का अनमोल खजाना होता है। बुजुर्गों के अनुभवों से हमें सीखने की कोशिश करनी चाहिए। बुजुर्गों की खुशी, स्वास्थ्य और सम्मान का पूरा ध्यान रखना हमारी नैतिक जवाबदारी है।
















