प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रोड शो किया। रोड शो के दौरान मुंबई के लोगों ने पीएम मोदी को भव्य स्वागत किया। इस रोड शो के दौरान पीएम मोदी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे…
मुंबई (ए)। प्रधानमंत्री का अभिवादन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के किनारे खड़े थे. जैसे ही उनके सामने से पीएम मोदी का काफिला गुजरा, लोगों ने उनपर फूलों की बारिश की. इस दौरान खुद पीएम मोदी भी हाथ हिलाकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन करते नजर आए।
भाजपा के स्टार प्रचारक ने उत्तर पूर्व मुंबई में घाटकोपर (पश्चिम) के अशोक सिल्क मिल से पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अपना रोड शो शुरू किया और यह घाटकोपर (पूर्व) के पार्श्वनाथ चौक पर समाप्त होने से पहले शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरा. प्रधानमंत्री के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उत्तर पूर्व मुंबई और उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार मिहिर कोटेचा और उज्ज्वल निकम भी मौजूद रहे।
रोड-शो के दौरान जब एक स्थान पर प्रधानमंत्री मोदी को प्रभु राम की मूर्ति दिखी, तो उन्होंने अपना काफिला रुकवाकर उन्हें नमन किया और फूलों का हार पहनाया. रोड-शो में उमड़ी हजारों संख्या की भीड़ ने पीएम मोदी का गर्मजोशी का स्वागत किया. कुछ स्थानों पर जहां अंधेरा था, वहां लोगों ने अपने मोबाइल की लाइट जला दी और माहौल को जगमग कर दिया।
जिस इलाके में पीएम मोदी का रोड शो हुआ है, वह उत्तर पूर्व मुंबई लोकसभा सीट के अन्तर्गत आता है और यहाँ से भाजपा के मिहिर कोटेचा उम्मीदवार है. तकरीबन 2.5 किलोमीटर के रोड शो में 7 पड़ाव थे. यह घाटकोपर के एलबीएस रोड स्थित अशोक सिल्क मिल से शुरू होकर श्रेयस सिनेमा, सर्वोदय सिग्नल, सीआईडी ऑफिस, सांघवी स्क्वॉयर, हवेली ब्रिज और पार्श्वनाथ चौक पर समाप्त हुआ. ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए पूरी सड़क को दोपहर 2 बजे से रात 10 तक बंद किया गया था।
पांचवे चरण के चुनाव से पहले प्रचार में भावनात्मक और विभाजनकारी मुद्दों पर गरमाई राजनीति के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोधियों पर सियासी हमले के लिए बुधवार को अपनी तरकश से नया तीर निकाला। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सरकार में थी तो बजट का 15 फीसदी हिस्सा अल्पसंख्यकों को आबंटित करना चाहती थी।
मोदी ने कहा कि हम धर्म के आधार पर न तो बजट बांटने देंगे और न ही नौकरियां। मोदी ने फिर कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर धर्म के आधार पर शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ थे। लेकिन, कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी का कोटा काटकर मुस्लिमों में बांटना चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा, जब मैं मुख्यमंत्री था तो मेरे सामने यह धर्म के आधार पर बजट बांटने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसका भाजपा ने पुरजोर विरोध किया। हमारे विरोध की वजह से ही कांग्रेस इस योजना को लागू नहीं कर सकी। कांग्रेस फिर इस प्रस्ताव को लाना चाहती है।
महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करने पहुंचे मोदी ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी को फर्जी करार दिया और कहा कि चुनाव के बाद दोनों का कांग्रेस में विलय हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने नासिक और कल्याण में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने मुंबई में रोड-शो किया।
प्रधानमंत्री ने कहा मैं पीड़ितों के अधिकारों के ‘चौकीदार’हूं और उन्हें छीनने नहीं देंगे।उन्होंने कहा आपकी सेवा मेरे जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। पिछले 10 वर्षों में, आपने मेरा काम देखा है और अब, मैं तीसरे कार्यकाल के लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं, ‘विकसित भारत’ के लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र ने कांग्रेस के सामने घुटने टेकने वाली “डुप्लिकेट” शिवसेना को दंडित करने का मन बना लिया है।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को यह कहकर नई बहस को जन्म दे दिया कि ‘अगर मैं हिंदू-मुसलमान करूंगा तो सार्वजनिक जीवन में रहने योग्य नहीं रहूंगा।’ नामांकन दाखिल करने वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री ने एक टीवी चैनल से चर्चा के दौरान हिंदू-मुसलमान को लेकर की जाने वाली राजनीति पर खुलकर बात की और कहा कि वह कभी भी हिंदू और मुसलमान को नहीं बांटेंगे। इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। विरोधियों ने मोदी के पुराने भाषणों के साथ इसे साझा करते हुए कई तरह के कमेंट किए।
वाराणसी में मोदी ने बताया कि उनका बचपन मुस्लिम परिवारों के बीच ही बीता है। मेरे बहुत सारे मुस्लिम दोस्त हैं। 2002 के बाद मेरी छवि को खराब करने की कोशिश की गई है। ईद के मौके पर हम घर पर खाना भी नहीं बनाते थे क्योंकि हमारे आस-पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम पड़ोसियों के यहां से ही खाना आया करता था। यहां तक मुहर्रम पर हमें ताजिया करना भी सिखाया गया था।’
अधिक बच्चों को जन्म देने वाले बयान के बारे में पूछे जाने पर मोदी ने कहा कि ‘मैं हैरान हूं. मुझे समझ नहीं आता है कि जब मैं लोगों से यह अपील करता हूं कि वो अधिक बच्चे न करें तो लोग ऐसा क्यों समझते हैं कि मैं मुस्लिमों की बात कर रहा हूं। गरीब हिंदू परिवारों में भी यह समस्या है। मैंने कभी भी हिंदू या मुस्लिम का नाम नहीं लिया है।…मैं कभी भी हिंदू-मुस्लिम बंटवारा नहीं करूंगा और यह मेरा वादा है।’
















