बतौर कप्तान महिला वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई है, आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में यह मिताली का 24वां मुकाबला है..
नईदिल्ली (ए)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2022 का 10वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान मैदान पर उतरते ही भारतीय कप्तान मिताली राज ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह बतौर कप्तान महिला वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बन गई है। आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में यह मिताली का 24वां मुकाबला है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क के नाम था जिन्होंने 23 वर्ल्ड कप मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी।
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी
मिताली राज – 24*
बेलिंडा क्लार्क – 23
सुसान गोटमैन – 19
ट्रिश मैककेल्वे – 15
2005 वर्ल्ड कप से टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए आ रही मिताली राज ने भारत को 24 में से 14 मैचों में जीत दिलाई है, वहीं उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को 8 बार हार का सामना करना पड़ा है।
बता दें, मिताली राज बतौर कप्तान दो वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाली इकलौती महिला खिलाड़ी हैं। भारत ने 2005 और 2017 महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश किया था और दोनों बार कप्तान मिताली राज ही थी।
𝗔𝗻𝗼𝘁𝗵𝗲𝗿 𝗠𝗶𝗹𝗲𝘀𝘁𝗼𝗻𝗲 𝗳𝗼𝗿 𝗠𝗮𝗴𝗻𝗶𝗳𝗶𝗰𝗲𝗻𝘁 𝗠𝗶𝘁𝗵𝗮𝗹𝗶 🙌 🙌#TeamIndia Captain @M_Raj03 now holds the record of captaining in most matches – 2⃣4⃣ – in the Women's ODI World Cups. 🔝 👏#CWC22 | #WIvIND pic.twitter.com/qkbcXa2srP
— BCCI Women (@BCCIWomen) March 12, 2022
मिताली राज के करियर पर नजर डालें तो 1 फरवरी 2019 को वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान 200 वनडे खेलने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। वहीं 2019 में वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 साल पूरे करने वाली पहली महिला बनीं थी। मिताली राज के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। उनके नाम 228 मैचों में 51.42 की औसत से 7663 रन दर्ज है।















