मिग-21 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण तीन नागरिकों की मौत हो गई. एक व्यक्ति घायल हो गया. ये विमान क्रैश होकर उनके घर पर गिरा…
हनुमानगढ़ (ए)। भारतीय वायुसेना का मिग-21 लड़ाकू विमान सोमवार 8 मई की सुबह राजस्थान के हनुमानगढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान ने सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी. एयरक्राफ्ट एक मकान पर जा गिरा, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं, पायलट ने पैराशूट की मदद से विमान से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना को लेकर स्थानीय पुलिस थानेदार सदर का कहना है कि पायलट को एयरलिफ्ट किया गया है. पायलट के लिए वायुसेना का एमआई17 भेजा है. मिग 21 जिस छत पर जाकर गिरा था वहां तीन महिलाएं और एक आदमी मौजूद थे. इसमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, अब एक और घायल ने दम तोड़ दिया।
इससे पहले जनवरी में, राजस्थान के भरतपुर में ट्रेनिंग के दौरान दो भारतीय वायुसेना के लड़ाकू जेट एक सुखोई एसयू -30 और एक मिराज 2000 के दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे. इस हादसे में एक पायलट की जान चली गई थी. एक विमान मध्य प्रदेश के मुरैना में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहीं दूसरा दुर्घटनाग्रस्त होकर राजस्थान के भरतपुर में उतरा था. वहीं, पिछले हफ्ते जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारतीय सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. अप्रैल में कोच्चि में एक और दुर्घटना हुई जब ट्रेनिंग के दौरान एक तटरक्षक हेलीकॉप्टर ने क्रैश लैंडिंग की।
पिछले साल अक्टूबर में अरुणाचल प्रदेश में सेना के हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दो घटनाएं सामने आई थीं. 5 अक्टूबर, 2022 को अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र के पास एक चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे भारतीय सेना के एक पायलट की मौत हो गई थी. इसके कुछ दिन बाद ही 21 अक्टूबर को भारतीय सेना के एविएशन एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के कारण पांच रक्षाकर्मी मारे गए थे. यह तूतिंग से 25 किलोमीटर दूर सियांग गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।









