BREAKING

Uncategorised

मात्र 20 दिनों में मंडी परिसर में निर्मित 500 बिस्तरों वाले कोविड हॉस्पिटल का आज मुख्यमंत्री ऑनलाईन करेंगे शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बलौदाबाजार के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित गोदाम में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए 500 बिस्तर वाले कोविड केयर हॉस्पिटल का 7 मई को दोपहर 12 बजे ऑनलाईन शुभारंभ करेंगे। मात्र 20 दिनों में मंडी परिसर में निर्मित इस कोविड हॉस्पिटल के माध्यम से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कोरोना मरीजों को इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कोविड केयर हॉस्पिटल के शुभारंभ कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने बताया कि यह राज्य का पहला ऐसा हॉस्पिटल है जिसका निर्माण कृषि उपज मंडी प्रांगढ़ में उपलब्ध आधारभूत ढांचे को उपयोग में लाते हुए किया गया है। कोविड संक्रमण काल में इस चुनौती भरे काम को महज 20 दिनों में पूरा किया गया है। इस 500 बिस्तर वाले हॉस्पिटल में 120 बिस्तर ऑक्सीजन सुविधा युक्त है। जिसमें 33 बिस्तर एचडीयू के और 36 आईसीयू तथा 51 बिस्तर ऑक्सीजन युक्त हैं, जो पूरी तरह वातानुकूलित है। यहां 380 जनरल बिस्तर उपलब्ध है। इस कोविड केयर हॉस्पिटल को आवश्यकतानुसार विस्तारित किए जाने की भी सुविधा है। यहां मरीजों की सुविधाओं का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है, जिससे उन्हें घर जैसा वातावरण महसूस होगा। यह जिलें का एक आधुनिकतम हॉस्पिटल है, जो कोरोना से संक्रमित मरीजों को बड़ी राहत पहुंचाएगा। इसके संचालन की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। यहां की आवश्यकता के अनुरूप चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने के साथ ही अतिरिक्त कर्मियों की भी नियुक्ति की गई है। बलौदाबाजार के कृषि उपज मंडी गोदाम को हॉस्पिटल के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि, उद्यमियों, डीएमएफ, जन सहयोग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से बनाया गया है। यह कोविड हॉस्पिटल सामाजिक सरोकार एवं जन सहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण है।

Related Posts