BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में महापौर परिषद की बैठक संपन्न, कई अहम मुद्दों पर की गई विस्तार से चर्चा

 

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के एमआईसी कक्ष में आज महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में तथा निगम आयुक्त रोहित व्यास व अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, महापौर परिषद के सदस्य मालती ठाकुर, सीजू एंथोनी, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर, लक्ष्मीपति राजू, आदित्य सिंह, मीरा बंजारे, संदीप निरंकारी, लालचंद वर्मा, मन्नान गफ्फार खान, नेहा साहू, रीता सिंह गेरा एवं चंद्रशेखर गवई की मौजूदगी में बैठक संपन्न हुई। बैठक में सफाई के ठेके को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, इसके साथ ही निगम के जल कार्य विभाग में कुशल, अर्ध कुशल एवं अकुशल श्रमिक उपलब्ध कराने, सेक्टर 5 बीएसएनल ऑफिस के बाजू में 10 लाख की लागत से शेड निर्माण कार्य व सेक्टर 5 सड़क 15 में सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य को लेकर एमआईसी सदस्यों ने महापौर की अध्यक्षता में चर्चा की। एमआईसी की बैठक में निगम के उपायुक्त नरेंद्र बंजारे, जोन आयुक्त राजेंद्र नायक, पूजा पिल्ले, अमिताभ शर्मा तथा खिरोद्र भोई आदि मौजूद रहे।

अवैध निर्माण एवं अनाधिकृत विकास के नियमितीकरण के लिए भिलाई निगम लगा रहा है शिविर: नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत अवैध निर्माण एवं अनाधिकृत विकास के नियमितीकरण के लिए शिविर के आयोजन किए जा रहे हैं तथा शिविर के माध्यम से अनाधिकृत विकास एवं अवैध निर्माण के नियमितीकरण के लिए आवेदन जमा कराए जा रहे है। बीएसपी क्षेत्र से भी अवैध निर्माण एवं अनाधिकृत विकास के नियमितीकरण को लेकर आवेदन का संग्रहण किया जा रहा है। इसके लिए सेक्टर 5 के 7-एम चौक में शिविर लगाकर 18 आवेदन प्राप्त किए गए। इसके साथ ही अनधिकृत विकास के नियमितीकरण के लिए पूछताछ करने लगभग 200 से अधिक लोग पहुंचे, आर्किटेक्ट ने इनका विवरण अपने पास रखा है। सेक्टर 5 के 7-एम चौक में दिनांक 14 फरवरी मंगलवार एवं 15 फरवरी बुधवार को भी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 11:00 बजे से नियत किया गया है। अनाधिकृत निर्माण को लेकर शिविर में लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसी प्रकार से आज जोन क्रमांक एक नेहरू नगर क्षेत्र अंतर्गत आनंद नगर में भी शिविर का आयोजन अनधिकृत विकास के नियमितीकरण को लेकर लगाया गया था, जिसमें 11 आवेदन लिए गए तथा बाकी लोगो को इसकी जानकारी दी गई। अनाधिकृत विकास के नियमितीकरण के लिए निगम आयुक्त रोहित व्यास ने सभी जोन आयुक्त को टारगेट प्रदान किया है तथा सर्वे और शिविर लगाने के साथ ही अनाधिकृत विकास करने वालों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।

भवन अनुज्ञा के विपरीत निर्माण, मिली हुई स्वीकृति के विपरीत निर्माण, आवासीय प्रयोजन में व्यवसायिक निर्माण या बिना स्वीकृति के निर्माण का निगम क्षेत्र में सघन सर्वे किया जा रहा है, इस सर्वे में आज 35 आवेदन नियमितिकरण के प्राप्त भी हुए। आर्किटेक्ट की सहायता से आवेदन जमा किया जाना है, आर्किटेक्ट की सूची www.bhilainagarnigam.com से प्राप्त की जा सकती है। अनाधिकृत निर्माण के नियमितीकरण की अधिक जानकारी के लिए नगर निगम के भवन अनुज्ञा शाखा के उप अभियंता शहबाज अहमद के मोबाइल नंबर 9399414300 पर संपर्क कर सकते हैं। नगर पालिक निगम भिलाई अपील करता है कि शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अनाधिकृत विकास का नियमितीकरण कराएं। इसके अलावा निगम मुख्य कार्यालय व भिलाई के सभी जोन कार्यालय में कार्यालयीन अवधि में कभी भी इसे लेकर आवेदन जमा किए जा सकते है और जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।

नियमितीकरण के लिए यह होगी प्रक्रिया भवन अधिकारी हिमांशु देशमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि नियमितीकरण के लिए नियमितीकरण का आवेदन फार्म आर्किटेक्ट के जरिए जमा करना होगा। इसके अलावा लीज/लाइसेंस/आबंटन संबंधी दस्तावेज जो जीवित हो। भवन का निर्माण अधिसूचित तिथि के पूर्व यानि कि 14 जुलाई 2022 के पूर्व होने का प्रमाण पत्र, यथा बिजली बिल, संपत्तिकर की प्रति या अन्य आवश्यक दस्तावेज, निगम से पंजीकृत वास्तुविद/आर्किटेक्ट के द्वारा तैयार भवन मानचित्र, बिल्डिंग प्लान की प्रति, सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत भवन अनुज्ञा, भवन पूर्णत: प्रमाण पत्र की छाया प्रति यदि उपलब्ध हो तो, शपथ पत्र अ एवं ब में अनाधिकृत विकास के नियमितीकरण कराने के लिए देना होगा।

Related Posts