22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा से पहले मोदी सरकार ने अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या धाम रखने को मंजूरी दी है…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अयोध्या हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने और इसका नाम महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्याधाम रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसको लेकर पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने ठान लिया है कि वह अयोध्या को दुनियाभर से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या को दुनियाभर से जोड़ने के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है. इसी कड़ी में यहां के एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट घोषित करने के साथ ही इसका नाम महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या धाम रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.” पीएम मोदी ने कहा कि यह कदम महर्षि वाल्मीकि को देशभर के हमारे परिवारजनों की ओर से एक आदरपूर्ण श्रद्धांजलि है।”
‘अयोध्या हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देना जरूरी’
इस फैसले को लेकर केंद्र ने अयोध्या की आर्थिक क्षमता का जिक्र किया. सरकार ने वैश्विक तीर्थ स्थल के रूप में अयोध्या के महत्व को प्राथमिकता देने की बात भी कही. कैबिनेट के मुताबिक विदेशी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए दरवाजे खोलने के लिए अयोध्या हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देना जरूरी है।
अयोध्या एयरपोर्ट पर दिखेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक हवाई अड्डे का नामकरण महर्षि वाल्मिकी के नाम पर किया जाना रामायण के आदिकवि को श्रद्धांजलि देना है. ऐसा करने से अयोध्या एयरपोर्ट की पहचान में देश की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी।
अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्री होंगे आकर्षित सरकार का मानना है कि अयोध्या की सांस्कृतिक जड़ें बेहद गहरी हैं. इस कारण अयोध्या रणनीतिक रूप से एक प्रमुख आर्थिक केंद्र और तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. एयरपोर्ट की मदद से यहां अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्रियों और व्यवसायों को आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी। गौरतलब है कि बीते 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री ने अपने अयोध्या दौरे पर रेलवे स्टेशन और इस हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था।
प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या को दुनियाभर से जोड़ने के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में यहां के एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट घोषित करने के साथ ही इसका नाम ‘महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यह कदम महर्षि… https://t.co/xhwQQ9gmb1
— Narendra Modi (@narendramodi) January 5, 2024















