
भिलाई। बीते रविवार शाम आए तूफान ने मरोदा सेक्टर में खूब तबाही मचाई जिससे लगभग 22 बड़े वृक्ष धराशाई हो गए थे, जिसके कारण पानी की पाइप लाइन व बिजली की लाईन भी क्षतिग्रस्त हो गई साथ ही आवागमन भी बाधित रहा! स्वामी आत्मानंद उद्यान एवं खेल परिसर में निर्माणाधीन मंच कक्ष की दीवार भी आंधी से ढह गई।

रविवार शाम 6:00 बजे आए तूफान के कारण विद्युत प्रवाह भी बाधित हो गया था जिसे भिलाई इस्पात संयंत्र विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने अथक प्रयास से रात में ही चालू कर दिया एवं सुबह पार्षद केशव बंछोर के निर्देशन में धाराशाई वृक्षों को सड़कों से हटाया गया जिससे सुचारू रूप से आवागमन प्रारंभ हो पाया,जहां-जहां पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से पेयजल की आपूर्ति बाधित हुई थी उन क्षेत्रों में नगर पालिक निगम रिसाली के टैंकरों के माध्यम से जल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। केशव बंछोर ने बीएसपी प्रबंधन से मांग की है कि बिजली लाइन से सटे वृक्षों की टहनियों को वर्षा काल पूर्व प्रूनिंग (छटाई) किया जाए।















