भिलाई (सारनाथ एक्सप्रेस)। 26 फरवरी को होने जा रहे एसोसिएशन के चुनाव पर बीएसपी एसीलरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंदर सिंह खुराना ने आपत्ति दर्ज कराई है उन्होंने कहा कि चुनाव का वे स्वागत करते हैं लेकिन जो चुनाव प्र्रक्रिया अपनाई जा रही है उस पर उन्हें आपत्ति है। चुनाव में किसी प्रकार से लोकतंत्र का हनन नहीं होना चाहिए। इस संबंध में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने 18 फरवरी को दुर्ग जिले के प्रभारी एवं केबिनेट मंत्री मो. अकबर, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं रजिस्ट्रार से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। साथ ही चुनाव तिथि को टाले जाने का अनुरोध किया है। श्री खुराना ने कहा कि एसोसिएशन के चुनाव काफी पहले हो जाने चाहिए थे यह काफी विलंब से हो रहा है। वर्तमान में जो चुनाव हो रहा है उसमें रजिस्ट्रार द्वारा जिस वोटर लिस्ट के माध्यम से चुनाव कराए जा रहे हैं वह वर्ष 2011 का है। इस मतदाता सूची में कई ऐसे मेंबर है जिनकी यूनिट या तो बंद हो चुकी है या बिक चुकी है। इसके विपरीत ऐसे भी मेंबर हैं जिनका नाम इस सूची में नहीं है। श्री खुराना ने बताया कि एक वर्ष पूर्व बीएसपी प्रबंधन द्वारा जीएम की अध्यक्षता में एक टीम द्वारा एंसीलरी के सभी यूनिटोंं का सर्वे किया गया था उसमें यूनिटों की संख्या 147 थी। रजिस्ट्रार द्वारा जो सूची दी गई है उसमें 122 मेंबर हैं। इनमें से 34 यूनिट ऐसे हैं जो पिछले 10 वर्षों में या तो बिक चुके हैं या फिर पूरी तरह अस्तित्वविहीन हो चुके हैं। इन एंसीलरी का स्टेटस समाप्त हो चुका है। ऐसे में इन फर्मो का नाम मतदाता सूची से विलोपित किया जाना चाहिए था। श्री खुराना ने बताया कि इस सूची में तीन पूर्व अध्यक्षों एवं कई पदाधिकारियों का नाम नहीं है। जब चुनाव प्रक्रिया शुरु की जाती है तो एक-दो माह पहले तक मतदाता बनाए जाते हैं। लेकिन वर्तमान में जो चुनाव हो रहे हैं उसमें 9 साल पूर्व की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है जो कि पूरी तरह असंवैधानिक हैं। श्री खुराना ने ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि जब तक मतदाता सूची दुरुस्त नहीं की जाती है तब तक के लिए चुनाव की तिथि आगे बढ़ा दी जाए। इस संबंध में रजिस्ट्रार से भी मुलाकात की गई है और उन्हें भी वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है।














