दुर्ग। वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्धि (प्रजनन) को दृष्टिगत रखते हुये उन्हें संरक्षण देने हेतु राज्य में छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम-के तहत् 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को ’’बंद ऋतु क्लोज सीजन’’ के रूप में घोषित किया गया है। मत्स्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि इस बंद ऋतु में जिले के अन्तर्गत समस्त नदियों-नालों तथा छोटी नदियों, सहायक नदियों में जिन पर सिंचाई के तालाब जलाशय (बड़े या छोटे) जो निर्मित किये गये हैं। इनमें सभी प्रकार का मत्स्याखेट 16 जून से 15 अगस्त 2022 तक पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य क्षेत्र (संशोधित) अधिनियम के अन्तर्गत अपराध सिद्ध होने पर एक वर्ष का कारावास या पांच हजार रूपये का जुर्माना अथवा दोनो एक साथ होने का प्रावधान हैं। उन्होंने बताया कि यह नियम केवल छोटे तालाब या अन्य जल स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी नाले से नहीं हैं उन पर लागू नहीं होगा।
26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का आयोजन
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देश पर नशापान करने की प्रवृत्ति की रोकथाम तथा समाज में नशामुक्ति के पक्ष में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का आयोजन विभिन्न विभागों द्वारा किया जाएगा। नशा पीड़ितो की संख्या में सतत् वृद्धि होना चिन्ता का विषय है। इसके रोकथाम के लिए समुदाय की सहभागिता अनिवार्य है। नशापान के विरूद्ध व्यापक जनमत विकसित करने के लिए 26 जून को अंर्तराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर रेडियो एवं दूरदर्शन से नशामुक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण, जिले के समस्त विभागों से समन्वय से नशापान के विरूद्ध समुचित कार्यवाही, जन सामान्य की सहभागिता से रैली, प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिचर्चा, गोष्ठियां, सेमीनार कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही यथासंभव नशा पीड़ितों से प्रत्यक्ष संवाद विकसित किया जाकर उन्हें नशापान के दुष्परिणामों की जानकारी देना, नशामुक्ति साहित्यों का वितरण, नशा तथा एड्स प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार, विद्यार्थियों में नशापान के विरूद्ध जागरूकता लाने हेतु विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, विद्यालय में नशापान न करने हेतु प्रेरक उद्बोधन का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त स्थानीय संस्कृति एवं परम्पराओं के अनुरूप अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन होगा शताब्दी गार्डन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 जून को कलेक्ट्रेट परिसर दुर्ग में स्थित शताब्दी गार्डन में किया जाएगा। बारिश की स्थिति में यह आयोजन खालसा पब्लिक स्कूल मालवीय नगर में होगा। कार्यक्रम के संबंध में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने अधिकारियों के उत्तरदायित्व सुनिश्चित किए हैं संयुक्त कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा आयोजन की संयोजक एवं प्रभारी अधिकारी होंगी।
एसडीएम दुर्ग मुकेश रावटे को उत्तरदायित्व कार्यक्रम की तैयारियों का होगा। उपसंचालक समाज कल्याण कार्यक्रम से जुडे़ हुए विभागों से समन्वय कर कार्यक्रम समय सीमा पर पूरा कराएंगे। नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजन के निर्देश दिए गए हैं इन निकायों में धार्मिक ऐतिहासिक, पर्यटन स्थल का चयन कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ हाई स्कूल तथा हायर सेंकडरी स्कूलों में, महाविद्यालयों में तथा ग्राम पंचायत स्कूलों में यह आयोजन किया जाएगा।















