BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

भूमि विक्रय के नाम पर नगद और चेक के माध्यम से 32.50 लाख रुपए की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों प्रार्थियों से नगद एवं चेक के माध्यम से धनराशि लेने की बात स्वीकार की। आरोपी द्वारा कुल 32,50,000 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की पुष्टि हुई है। साथ ही प्रारंभिक पूछताछ में यह भी तथ्य सामने आए हैं कि आरोपी ने अन्य व्यक्तियों से भी भूमि विक्रय के नाम पर ठगी की है, जिसके संबंध में पुलिस टीम द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है…

 

 

कोरिया। दिनांक 18.08.2025 को थाना चरचा, जिला कोरिया पुलिस द्वारा एक बड़े धोखाधड़ी प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। प्रकरण में आरोपी शमीम खान पिता मुमताज खान उम्र 42 वर्ष निवासी नरसिंहपुर मझगंवा थाना बैकुन्ठपुर द्वारा षड्यंत्र रचकर भूमि विक्रय के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

इस संबंध में दिनांक 23.04.2025 को प्रार्थिया सुनीता गुप्ता पति रमेश कुमार गुप्ता निवासी वार्ड नं. 09, चरचा द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप था कि आरोपी ने छल-कपट कर भूमि विक्रय के नाम से 16,90,000 रुपये प्राप्त किए।

इसी प्रकार दिनांक 17.08.2025 को प्रार्थिया गिरजा देवी निवासी चरचा ने भी आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी द्वारा धोखाधड़ी कर भूमि विक्रय के नाम से 7,70,000 रुपये की ठगी की गई। उसी दिन प्रार्थी सिकन्दर साव निवासी भट्ठीपारा बैकुन्ठपुर ने भी लिखित आवेदन प्रस्तुत कर शिकायत की कि आरोपी द्वारा उसी प्रकार के षड्यंत्र के माध्यम से 7,90,000 रुपये की ठगी की गई है।

इन सभी प्रकरणों पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 90/2025, 160/2025 एवं 161/2025 धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी शमीम खान फरार पाया गया, जिसकी सतत् तलाश की जा रही थी। दिनांक 18.08.2025 को पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर आरोपी को गिरफ़्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों प्रार्थियों से नगद एवं चेक के माध्यम से धनराशि लेने की बात स्वीकार की। आरोपी द्वारा कुल 32,50,000 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की पुष्टि हुई है। साथ ही प्रारंभिक पूछताछ में यह भी तथ्य सामने आए हैं कि आरोपी ने अन्य व्यक्तियों से भी भूमि विक्रय के नाम पर ठगी की है, जिसके संबंध में पुलिस टीम द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

इस गंभीर अपराध का पर्दाफाश पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में किया गया है।

प्रकरण की जांच एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी चरचा प्रमोद पाण्डे, उपनिरीक्षक अनिल सोनवानी, सहायक उपनिरीक्षक बालकृष्ण राजवाड़े, प्रधान आरक्षक 227 बृजेश सिंह, आरक्षक 536 सागर लाल केवट, महिला आरक्षक 628 रंजना एवं सैनिक 26 राजेश टांडे का विशेष योगदान रहा।

Related Posts