BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

भिलाई स्टील प्लांट के यूनिवर्सल रेल मिल ने R260-60E1 रेल प्रोफ़ाइल में बनाया नया रिकॉर्ड

भिलाई इस्पात संयंत्र की यूनिवर्सल रेल मिल ने एक बार फिर अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन दर्ज कर नया रिकॉर्ड हासिल किया है। 260 मीटर रेल पैनल का उत्पादन करने वाली मिल ने, 03 फरवरी, 2024 को R260-60E1 के प्रोफाइल में रिकॉर्ड 3,835 टन (453 ब्लूम) का उत्पादन करके नया “डे रिकॉर्ड” हासिल किया है, जो 19 सितंबर, 2023 को बनाये 3,623 टन (428 ब्लूम) के पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन को पार कर गया है।

जनवरी 2024 के महीने में, यूआरएम ने क्रमशः 11,124 नग रोलिंग, 86,733 टन फिनिश्ड रेल उत्पादन, 82,439 टन प्राइम रेल उत्पादन और 5,184 वेल्डेड रेल पैनल में, अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन रिकॉर्ड दर्ज किया है। जो दिसंबर 2023 के पिछले महीने में बनाये गए रिकॉर्ड को पार कर गया है।

इसके अलावा, जनवरी 2024 के महीने के दौरान, यूआरएम ने 0.14 प्रतिशत के साथ न्यूनतम कॉबल्स का अब तक का सबसे अच्छा रिकॉर्ड हासिल किया है, जो अगस्त 2021 के महीने में 0.24 प्रतिशत के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड से बेहतर है। मिल अब जल्द ही रेटेड क्षमता हासिल करने की राह पर है जिससे, भारतीय रेलवे की सभी मांगों को पूरा किया जा सकेगा।

भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार और प्लांट के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर यूआरएम की टीम को बधाई दी और टीम को यूआरएम के सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु, इसी भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आने वाले वित्तीय वर्षों में, ऐसे कई नए रिकॉर्ड बनाने के लिए उनका उत्साह-वर्धन किया।

इस उपलब्धि पर, मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम) विभागाध्यक्ष अनीश सेनगुप्ता ने यूआरएम की पूरी मिल बिरादरी को बधाई देते हुए कहा, कि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की उपलब्धि, यूआरएम कर्मियों की निरंतर निगरानी, कड़ी मेहनत और सम्बन्धित विभागों जैसे एसएमएस-3, ट्रैफिक, पीपीसी, आरसीएल, इंस्ट्रुमेंटेशन और इन्कॉस आदि के पूर्ण सहयोग और समर्थन से संभव हुई है।

यूनिवर्सल रेल मिल का मुख्य ग्राहक भारतीय रेलवे है और यूआरएम का लक्ष्य उत्पाद की गुणवत्ता और मात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर 100% ग्राहक संतुष्टि है। उल्लेखनीय है कि यूआरएम और आरएसएम ने मिलकर जनवरी 2024 के महीने में भारतीय रेलवे को 260 मीटर पैनल की 107 रेक भेजी हैं, जो अब तक किसी भी महीने में भेजे गए सबसे अधिक रेक की संख्या है। बीएसपी के यूआरएम में निर्मित 260 मीटर लंबे रेल पैनल देश के रेल नेटवर्क विस्तार और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Related Posts