भिलाई। आज 25 मार्च को भिलाई निगम की सामान्य सभा होगी। पांच विषयों को लेकर आयोजित होने वाली इस सामान्य सभा के लिए भाजपा पार्षदों ने रणनीति बना ली है। सत्तापक्ष को घेरने के लिए हर मोर्चे पर तैयारी हो गई है। भाजपा पार्षद दया सिंह, विनोद सिंह, रिकेश सेन, पीयूष, भोजराज समेत अन्य पार्षदों ने एक-एक बिंदू पर चर्चा की। यह तय हुआ कि, सत्तापक्ष को उनकी नाकामियों पर घेरा जाएगा। शहरहित में होने वाले कार्यों के लिए ध्यानाकर्षण कराया जाएगा। निगम के अधिकारियों की लापरवाहियों को उजागर किया जाएगा। ताकि शहर को किसी तरह नुकसान न हो।
भाजपा पार्षद दया सिंह समेत सभी पार्षदों ने तय किया है कि सभी एकजुटता के साथ सत्तापक्ष के खिलाफ मुखर होंगे। शहर की समस्याओं को सदन के समक्ष रखा जाएगा। जिन पांच विषयों को लेकर बैठक बुलाई गई है , उस पर गहराइयों के साथ चर्चा की जाएगी। इस बैठक में भाजपा पार्षद दया सिंह, रिकेश सेन, पीयूष मिश्रा, स्मृति दोड़के, विनोद चेलक, श्यामसुंदर राव, महेश वर्मा, भोजराज सिन्हा, विनोद सिंह, वीणा चंद्राकर, नोहर वर्मा समेत अन्य पार्षद मौजूद रहें।
बजट से पहले CA से तकनीकी ज्ञान लेंगे भाजपा पार्षद-
बजट से पहले सभी भाजपा पार्षद चार्टर्ड एकाउंटेंट से तकनीकी ज्ञान लेंगे। यह पहल भाजपा पार्षद विनोद सिंह ने की है। सीए पीयूष जैन सभी पार्षदों को बजट के एक-एक मद पर गहराई के साथ जानकारी देंगे। ताकि भाजपा के सभी पार्षद सामान्य सभा में घेर सकें। वहीं एक-एक खर्च का हिसाब-किताब मांग सकें।














