भिलाई 3। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा के सभी वार्डो में जनहित एवं क्षेत्रवासियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एक साथ अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी करते हुए संपूर्ण व्यवस्था करने अधिकारी एवं कर्मचारियों को दायित्व प्रदान गए किये हैं।
दिनांक 19 दिसंबर 2022 से प्रारंभ कर निरंतर दिनांक 17 जनवरी 2023 तक इन शिविरों का आयोजन निगम के सभी 40 वार्डो में किया जाएगा। इन शिविरों में मुख्यमंत्री मितान योजना के तहत प्रदान की जाने वाली सभी सुविधा का लाभ भी लोगो को मिलेगा। 0 से 05 वर्ष के बच्चों का आधार कार्ड बनाया जाएगा। साथ ही पेन कार्ड भी बनाये जा सकेगे। जिला प्रशासन द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाये जाने दलो का गठन कर इन शिविरों में संलग्न किया गया है।
निगम महापौर निर्मल कोसरे के द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आधार पंजीयन—उन्नयन,ई श्रमिक कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री मितान योजना में मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि उपरोक्त आवश्यक सेवाओं के लिए लोगो को कही भी जाने के स्थान पर अपने वार्ड में ही यह सुविधा मिलने से उन्हें अपने कार्यों में सहजता मिलेगी। यह जानकारी निगम जनसंपर्क विभाग से विकास चंद त्रिपाठी द्वारा प्रदान की गई।















