भिलाई 3। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत ने सोमवार दिनांक 04-03-2024 को निगम क्षेत्र के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान इमली बगीचा, इंदिरा पारा, महामाया पारा, सी.एल.सी. परिसर, देवबलोदा में अपनी टीम के साथ पहुंचकर श्री राजपूत ने सफाई व्यवस्था का हाल जाना। इसके पहले आयुक्त ने प्राचीन शिवमन्दिर में भोले नाथ का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा दैनिक रूप से सड़क, बाजार, सब्जी मार्केट एवं मटन मार्केट से गीला सूखा कचरा कलेक्ट किया जाता है।
साथ ही स्वच्छता कमाडो एवं स्व सहायता समूह की महिला एवं पुरुष कर्मचारियों द्वारा भी डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने की व्यवस्था की गयी है।
इसके पश्चात भी कई स्थानों पर असहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए कुछ व्यक्तियों एवं दुकान संचालकों द्वारा दैनिक कचरा रोड पर फेंका जाना पाया गया है।
अपने अनुपयोगी सामग्री रोड पर रखकर यातायात बाधित करने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था खराब करने वालों के विरूद्ध कडी कार्यवाही करने के निर्देश निगम कमिश्नर द्वारा उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को प्रदान किये।

















