भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों ने बेहतरीन तालमेल और समन्वय का प्रदर्शन करते हुए अगस्त 2023 माह में उत्पादन के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए है। संयंत्र के लगभग सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्पादन में उत्कृष्टता प्रदर्शित करते हुए सर्वश्रेष्ठ अगस्त, दैनिक उत्पादन कीर्तिमान और निर्गमन के क्षेत्र में भी उपलब्धि हासिल की है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के बार राॅड मिल की ऊर्जावान टीम ने पुराने कीर्तिमान को पीछे छोड़ते हुए 30 अगस्त 2023 को 16 एमएम टीएमटी बार्स में 3757 टन (1815 बिलेट्स) का उत्पादन कर पुनः नया “दैनिक कीर्तिमान” स्थापित किया। किसी भी प्रोफाइल में यह “सर्वश्रेष्ठ दैनिक कीर्तिमान है।
इसी कड़ी में संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग ने 30 अगस्त 2023 को 826 ईक्यू की पुषिंग करते हुए अब तक का सर्वश्रेष्ठ पुशिंग रिकाॅर्ड बनाया। कोकओवन का पिछला सर्वश्रेष्ठ ओवन पुशिंग का रिकाॅर्ड 30 अप्रैल 2023 को 825 ईक्यू का था। कोकओवन ने अगस्त 2023 में पहली बार 25,000 के लगभग ओवन पुशिंग का आंकड़ा पार किया है। मई 2023 में 24986 पुशिंग का पिछला सर्वश्रेष्ठ कीर्तिमान दर्ज किया था। अगस्त माह में संयंत्र के कोकओवन की औसत पुशिंग 813 दर्ज की गई है।
विभाग की इस सफलता पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने बीआरएम के शॉप फ्लोर पर पहुँच कर कार्मिकों को बधाई प्रेषित की एवं उपस्थित जन समुदाय को संकल्पित करते हुए कहा कि बीआरएम बिरादरी अपने सामूहिक प्रयास से वार्षिक लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगी तथा भविष्य में आने वाली नयी चुनौतियों के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। इसके साथ ही कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कोक ओवन सहित अन्य सभी विभागों टी एंड डी, आरएमडी, सर्विसेज, ब्लास्ट फर्नेस, सिंटर प्लांट, ऊर्जा प्रबंधन विभाग, पीपीसी, केंद्रीय यांत्रिक संगठनों, एमआरडी, शॉप और अन्य विभागों को भी बेहतर समन्वय और उत्पादन के लिए बधाई दी है।
मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) मुकेश गुप्ता ने सभी कार्मिकों को बधाई देते कहा कि यह आप सभी के समर्पण एवं दृढ़ संकल्प से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई हैं। बीआरएम के महाप्रबंधकगण एस के बेहरा, के के ठाकुर, सच्चिदानंद त्रिपाठी, आशीष, शाश्वत महंती, समीर पाण्डेय, शिखर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सभी कार्मिकों को बधाई दी।
विदित हो कि बीआरएम ने उत्पाद की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 100 प्रतिशत ग्राहक संतुष्टि को अपना लक्ष्य रखा है। विभाग ने ग्राहक की मांग के अनुरूप अपने प्रक्रिया एवं कार्यविधि मे सदैव ही नई तकनीकियों का समावेश किया है जिससे ग्राहकों को बेहतर एवं गुणात्मक उत्पाद प्राप्त होता रहे। बीआरएम के उत्पाद देश के सेंट्रल विस्टा, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट, राम मंदिर अयोध्या, बाॅर्डर रोड आगनाइजेशन जैसे प्रतिष्ठित परियोजना में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है तथा इन उत्पादों को ग्राहकों से अच्छा प्रतिसाद भी मिल रहा है।















