भिलाई इस्पात संयंत्र की ब्लास्ट फर्नेस-1 का शटडाउन में रिपेयर के बाद दिनांक 19 जुलाई 2023 को संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) तापस दासगुप्ता द्वारा स्टोव हीटिंग प्रारंभ किया गया। विदित हो कि ब्लास्ट फर्नेस-1 को 29 जून, 2022 से रिपेयर में लिया गया था। रिपेयर पूरा होने के बाद स्टोव हीटिंग की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई। रिपेयर के दौरान ब्लास्ट फर्नेस-1 में कई उन्नयन कार्य किये गये।
मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (आयरन) तापस दासगुप्ता द्वारा इस फर्नेस को पुनः प्रारम्भ करने की प्रक्रिया के तहत स्टोव हीट किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (ब्लास्ट फर्नेस) सौम्य तोकदार सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण तथा ब्लास्ट फर्नेस और संबद्ध विभागों के सदस्यगण भी मौजूद रहे। स्टोव हीटिंग गतिविधि के पूर्ण होने के बाद ब्लास्ट फर्नेस-1 को अस्थायी रूप से शुरू किया जाएगा। तापस दासगुप्ता ने ब्लास्ट फर्नेस टीम और रिपेयर कार्य से जुड़ी सभी एजेंसियों को बधाई दी।
गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र का ब्लास्ट फर्नेस-1 संयंत्र का सबसे पुराना और प्रथम ब्लास्ट फर्नेस है। इस फर्नेस से सर्वप्रथम हाॅट मेटल का उत्पादन 4 फरवरी 1959 से प्रारंभ किया गया था।
भिलाई इस्पात संयंत्र के विधिवत उद्घाटन पर तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने इस फर्नेस से पहला हाॅट मेटल प्राप्त कर राष्ट्र को समर्पित किया था। वर्तमान में भिलाई इस्पात संयंत्र में 8 ब्लास्ट फर्नेस है।










