भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लम्बे समय से राष्ट्र निर्माण की भूमिका में एक महत्वपूर्ण भागीदार रहा है। आधुनिक भारत का ध्यान, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निरंतर विकास पर केंद्रित है। बुनियादी ढांचे और भारतीय रेलवे के क्षेत्र में प्लेटों की भारी मांग है, विशेष रूप से रेलवे ओवर ब्रिज में हाई स्पीड ट्रेनों के लिए रेल कोरिडोर के रूप में प्लेटों की मांग बढ़ रही है। ये विशेष रूप से E350 BR और उससे ऊपर के स्टील ग्रेड हैं। इन मूल्य वर्धित विशेष ग्रेड स्टील प्लेटों के उत्पादन और आपूर्ति से दोहरे उद्देश्य कि पूर्ति होगी | इन विशेष ग्रेड स्टील प्लेटों से, अधिक राजस्व के साथ-साथ भारत में प्रतिस्पर्धियों के बीच बाजार का नेतृत्व हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार के मार्गदर्शन में, पीपीसी द्वारा योजना बनाने से लेकर एसएमएस-2 में उच्च तन्यता वाले हीट्स के उत्पादन के बाद, भट्टियों में स्लैब को फिर से गर्म करने, रोलिंग, फिनिशिंग, निरीक्षण, परीक्षण और इन प्लेटों के लिए हीट ट्रीटमेंट में प्लेट मिल ने एक बड़ी छलांग लगाई है। प्लेट मिल और आरसीएल के निरंतर समर्पण और दृढ़ता से मिलकर उच्च तन्यता वाले प्लेटों के उत्पादन और प्रेषण के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जून, 2023 में उच्च तन्यता प्लेटों के उत्पादन ने 45,375 टन के साथ अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड दर्ज किया है, जो अपने पिछले 34,652 टन (जून 2022) के सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को पार कर गया है। उच्च तन्यता प्लेटों का प्रेषण भी पिछले 29,131 टन (जून 2022) के रिकॉर्ड को पार करते हुए 37,470 टन तक पहुंच गया। इसके परिणामस्वरूप पहली तिमाही में ही अब तक के सर्वाधिक 68,731 टन (2023-24) के उच्च तन्यता वाली प्लेटों का प्रेषण हुआ, जो अपने पिछले वर्ष 2022-23 के 61,755 टन से अधिक है। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) आर के बिसारे ने विशिष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेट मिल टीम और संबंधित विभागों को बधाई दी है।
इसके अलावा, प्लेट मिल ने एसएमएस-3 और एसपी-3 की तत्काल आंतरिक आवश्यकता के लिए एचटी ग्रेड 20 एमएनसीआर 5 को पहली बार रोल करने की चुनौती स्वीकार की है और वांछित आयामों और यांत्रिक गुणों को प्राप्त करने के लिए आंतरिक संसाधनों से निर्मित हीटिंग और रोलिंग शेड्यूल की मदद से इसे सफलतापूर्वक पूरा किया है।
सेल की अब तक सभी प्रथम तिमाहियों में उत्पादन और विक्रय के लिए सर्वश्रेष्ठ रही वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही (Q1 FY24) में रिकार्ड उत्पादन और विक्रय दर्ज किया है। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान कंपनी हॉट मेटल, क्रूड स्टील और विक्रेय स्टील का क्रमशः 5.037 मिलियन टन, 4.667 मिलियन टन और 4.405 मिलियन टन का उत्पादन किया, जो आज तक की सभी पहली तिमाहियों में सर्वश्रेष्ठ है।
ये आंकड़े पिछली सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही की तुलना में क्रमश: 7%, 8% और 8% अधिक है। इसके अलावा, कंपनी ने पहली तिमाही में 3.9 मिलियन टन का विक्रय करने के साथ, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रथम तिमाही का विक्रय हासिल किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 24% अधिक है। कंपनी अपनी क्षमता का अधिकतम उपयोग करने और ग्राहकों की मांगों को पूरा करने पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए है।









