BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

भिक्षा मांग कर पाटन विधानसभा के ग्राम बानबरद स्थित भगवान विष्णु के मंदिर में पूजा कर स्वयं को गौ हत्या के पाप से मुक्ति दिलाएं : अजय चंद्राकर

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर ने कहा है कि गौ हत्या के पापी भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की संस्कृति और वैदिक परंपरा के अनुसार प्रायश्चित करने विधिवत रूप से 21 दिनों तक भिक्षा मांग कर उससे प्राप्त पैसों से पाटन विधानसभा के ग्राम बानबरद स्थित भगवान विष्णु के मंदिर में जाकर पूजा करें और स्वयं को गौ हत्या के पाप से मुक्ति दिलाएं। भूपेश बघेल के साथ-साथ कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी समान रूप से गौ हत्या के पापी हैं तो भूपेश बघेल उन्हें भी अपने साथ भिक्षा मांगने के लिए ले जाएं।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर को नया रायपुर में आयोजित राजीव मितान सम्मेलन के बाद फेंके गए खाने का सेवन करने से करीब 45 गायों की मृत्यु हुई है। जिसके लिए सीधे तौर पर इस आयोजन के यजमान भूपेश बघेल और मुख्य अतिथि राहुल गांधी जिम्मेदार हैं।

चुनाव के पहले जनता के पैसे पर जो आयोजन किया गया, उसमें माता अन्नपूर्णा का भी अपमान किया गया है। जिस बड़े पैमाने पर भोजन फेंका गया, वह जनता का पैसा ही है। जिसे कांग्रेस ने इस तरह फेंका है कि आधा सैकड़ा के करीब गौ माता परलोक सिधार गईं।

 

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति के नाम पर स्वांग करने वाले भूपेश बघेल के कृत्य से छत्तीसगढ़ राज्य भी अभिशप्त हुआ है क्योंकि राजा के कृत्य का परिणाम राज्य को भी भुगतना पड़ता है। यदि भूपेश गौ हत्या के पाप से मुक्ति पाने के लिए संस्कृति के अनुरूप प्रायश्चित नहीं करते हैं तो छत्तीसगढ़ की जनता की मंगल कामना और भूपेश बघेल की वजह से गोलोक गमन कर चुकी गौ माताओं की आत्मा की शांति के लिए भाजपा ग्राम बानबरद स्थित भगवान विष्णु के मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ पूजा करायेगी।

Related Posts