भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है. इसी के साथ पाक टीम ने सुपर-4 स्टेज के लिए अब क्वालीफाई कर लिया है…
नईदिल्ली (ए)। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 का तीसरा मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद टीम इंडिया की पारी 48.5 ओवरों में 266 रन बनाकर सिमट गई थी. इनिंग ब्रेक के बाद सभी को उम्मीद थी कि जल्द फिर से मुकाबला शुरू होगा, लेकिन लगातार बारिश के चलते मैच को आखिर में रद्द किए जाने का फैसला अंपायर्स ने लिया. पाकिस्तान अब 3 अंकों के साथ सुपर-4 में पहुंच गई है।
भारतीय टीम को मुकाबला रद्द होने के बाद 1 अंक तो मिला लेकिन उन्हें सुपर-4 में अपनी जगह को पक्का करने के लिए नेपाल के खिलाफ अगले मुकाबले में जीत हासिल करना बेहद जरूरी है. भारत अब 4 सितंबर को पल्लेकेले स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेगी।
पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों का दिखा जलवा, ईशान और हार्दिक ने किया प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम की पारी को लेकर बात की जाए तो टॉस जीतने के बाद पहले खेलने उतरी टीम इंडिया का पाक तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष साफतौर पर देखने को मिला. शाहीन अफरीदी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को बोल्ड करते हुए भारत को शुरू में ही 2 बड़े झटके दे दिए थे. इसके बाद 66 के स्कोर तक गिल और श्रेयस भी पवेलियन लौट गए।
यहां से ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करने के साथ टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया. हार्दिक के बल्ले से जहां 87 रन देखने को मिले वहीं ईशान किशन ने 82 रनों की पारी खेली।

पाकिस्तान टीम के लिए उनके तेज गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाते हुए भारतीय टीम के सभी 10 विकेट अपने नाम किए. शाहीन अफरीदी ने 10 ओवरों में 35 रन देकर 4 विकेट लिए तो वहीं नसीम शाह और हारिस रउफ के खाते में 3 विकेट आए. अब पाकिस्तान की टीम सुपर 4 में अपना पहला मुकाबला 6 सितंबर को लाहौर के स्टेडियम में खेलेगी।















