BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत ने 4-1 से जीती टी20 सीरीज, ईशान-सूर्य कुमार के बाद अर्शदीप चमके

भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई…

 

 

तिरुवनंतपुरम (ए)। भारत ने पांचवें टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन की शतकीय और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए।

यह उनका बांग्लादेश (297/6) और श्रीलंका (283/1) के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए फिन एलन ने 80 रनों की पारी खेली।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे बड़े स्कोर

स्कोर विपक्षी टीम मैदान साल
297/6 बांग्लादेश हैदराबाद 2024
283/1 दक्षिण अफ्रीका जोहानिसबर्ग 2024
271/5 न्यूजीलैंड तिरुवनंतपुरम 2026
260/5 श्रीलंका इंदौर 2017
247/9 इंग्लैंड वानखेड़े 2025

 

271 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत जरूर की, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण वह मुकाबले में कभी भी पूरी तरह पकड़ नहीं बना सकी। ओपनर फिन एलन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर शुरुआती ओवरों में दबाव बनाया। एलन ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 38 गेंदों पर 80 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल थे। उन्होंने खास तौर पर अर्शदीप सिंह को निशाना बनाया और शुरुआती दो ओवरों में उनसे जमकर रन बटोरे।

अंतिम ओवरों में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार वापसी करते हुए कहर बरपाया। शुरुआती ओवरों में महंगे साबित होने के बावजूद अर्शदीप ने अंतिम तीन ओवरों में चार विकेट झटकते हुए कुल 5 विकेट (5/51) अपने नाम किए। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह वह लक्ष्य से 46 रन पीछे रह गई। बड़े स्कोर के दबाव और भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने न्यूजीलैंड की टीम अंततः घुटने टेकने पर मजबूर हो गई।

इससे पहले, भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए टी20 क्रिकेट का एक और यादगार प्रदर्शन किया। हालांकि, शुरुआत भारत के लिए कुछ खास नहीं रही और संजू सैमसन एक बार फिर असफल रहे। वह सिर्फ 6 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रनों की तेज पारी खेलकर पारी को गति देने की कोशिश की, लेकिन अतिरिक्त उछाल के चलते वह भी फर्ग्यूसन का शिकार बने। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 54 रन पर दो विकेट था।

Related Posts