BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 280 रन से हराया, सीरीज में 1- 0 की बढ़त बनाई

भारत ने अपनी दूसरी पारी 287/4 के स्कोर पर घोषित कर दी थी, पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 227 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी के स्कोर को मिलाकर भारत की बढ़त कुल 514 रन की हुई और बांग्लादेश को 515 रन का लक्ष्य मिला था…

 

चेन्नई (ए)। भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश को 280 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। 515 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की दूसरी पारी 234 रन पर सिमट गई। रविचंद्रन अश्विन ने कहर बरपाते हुए छह विकेट झटके। यह उनका टेस्ट में 37वां फाइव विकेट हॉल रहा और उन्होंने इस मामले महान शेन वॉर्न की बराबरी की। बांग्लादेश की ओर से नजमुल हुसैन शांतो ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। जवाब मे बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को फॉलोऑन न खिलाते हुए 227 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी की। भारत ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 287 रन बनाकर घोषित कर दी थी और उन्हें कुल 514 रन की बढ़त मिली थी।

अपने घर में साल 2012 से शुरू हुए सिलसिले में भारत ने कोई टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई है। भारत अपने घर में 4302 दिनों से कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारा है। यह अन्य किसी भी देशों से ज्यादा है। भारत के बाद इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका है। अफ्रीकी टीम ने साल 2020 से शुरू हुए सिलसिले में 1702 दिनों से कोई टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई है।

ऑस्ट्रेलिया 1348 दिनों के साथ तीसरे स्थान पर है। साल 2013 से अपने घर में टेस्ट में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उसने 52 टेस्ट खेले हैं और 41 में जीत हासिल की है। भारत इस दौरान सिर्फ चार टेस्ट हारा है और सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारत साल 2013 से घर में लगातार 17 टेस्ट सीरीज से अजेय है।

बांग्लादेश की दूसरी पारी
रविवार को बांग्लादेश ने चार विकेट पर 158 रन से आगे खेलना शुरू किया और 76 रन जोड़ने में बाकी बचे छह विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश को रविवार को पहला झटका अश्विन ने दिया। उन्होंने शाकिब अल हसन को पवेलियन भेजा। शाकिब और शांतो के बीच 48 रन की साझेदारी हुई।  शाकिब 25 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। रवींद्र जडेजा ने लिटन दास को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। लिटन एक रन बना सके। मेहदी हसन मिराज (8) को जडेजा के हाथों कैच कराते ही अश्विन ने टेस्ट में 37वीं बार पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की।

इसके बाद जडेजा ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को बुमराह के हाथों कैच कराया। उन्होंने 127 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की बेहतरीन पारी खेली। फिर अश्विन ने तस्कीन अहमद को सिराज के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बना सके। जडेजा ने हसन महमूद (7) को क्लीन बोल्ड करते ही बांग्लादेश की पारी 234 रन पर समेट दी। इससे पहले शनिवार को जाकिर हसन (33), शदमान इस्लाम (35), मोमिनुल हक (13) और मुशफिकुर रहीम (13) पवेलियन लौटे थे। अश्विन ने शनिवार तक तीन विकेट लिए थे। उन्होंने शदमान, मोमिनुल और रहीम को पवेलियन भेजा था।

भारत की दूसरी पारी
भारत ने अपनी दूसरी पारी 287/4 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 227 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी के स्कोर को मिलाकर भारत की बढ़त कुल 514 रन की हुई और बांग्लादेश को 515 रन का लक्ष्य मिला था। भारत के लिए शुभमन गिल 176 गेंद में 10 चौके और चार छक्के की मदद से 119 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, केएल राहुल 22 रन बनाकर नाबाद रहे। ऋषभ पंत ने 109 रन की पारी खेली। पंत और गिल ने चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले यशस्वी जायसवाल (10), रोहित शर्मा (5) और विराट कोहली (17) शुक्रवार को ही आउट हो गए थे। भारत ने शनिवार को 81/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 206 रन जोड़कर पारी घोषित की।

किसी देश ने पिछली बार कब गंवाई थी घरेलू टेस्ट सीरीज

देश साल दिन
भारत 2012 4302
दक्षिण अफ्रीका 2020 1704
ऑस्ट्रेलिया 2021 1348
इंग्लैंड 2021 1201
जिम्बाब्वे 2023 589
श्रीलंका 2023 427
न्यूजीलैंड 2024 199
बांग्लादेश 2024 177
वेस्टइंडीज 2024 39
पाकिस्तान 2024 24

 

Related Posts