शुरुआती झटकों के बाद नीतीश और रिंकू ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे नीतीश ने करियर का पहला अर्धशतक जड़ा…
नईदिल्ली (ए)। भारत ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 86 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह के शानदार अर्धशतकों से 20 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 135 रन ही बना सकी। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने इससे पहले बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन महमूदुल्लाह ने बनाए जो 39 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से बल्ले के बाद गेंद से नीतीश रेड्डी ने उम्दा प्रदर्शन किया और दो विकेट अपने नाम किए। वहीं, पिछले मैच में प्रभावित करने वाले स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी दो विकेट लिए।
दिलचस्प बात यह रही कि भारत के हर गेंदबाज को विकेट मिला। नीतीश और वरुण के अलावा अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा, मयंक यादव और रियान पराग के खाते में एक-एक विकेट आए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की बल्लेबाजी काफी खराब रही और महमूदुल्लाह को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका। बांग्लादेश ने नियमित रूप से विकेट गंवाए और उसके बल्लेबाज साझेदारी नहीं निभा सके जिसका उसे काफी नुकसान उठाना पड़ा।
भारत के लिए अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे नीतीश रेड्डी ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया और बल्ले के बाद गेंद से भी अहम योगदान दिया। भारत ने इस तरह टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा है। दोनों टीमों के बीच अब इस सीरीज का अंतिम मुकाबला 12 अक्तूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के सामने 222 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए नीतीश रेड्डी और रिंकू सिंह ने शानदार अर्धशतक जड़े जिसकी मदद से टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाए। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन भारत ने तेज शुरुआत की। हालांकि, बांग्लादेश के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही भारत को तीन झटके देकर टीम को मुश्किल में डाल दिया था।
















