BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों से हराकर वनडे में सबसे बड़ी जीत दर्ज की, बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने दिखाया जौहर

भारतीय टीम ने सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 228 रनों की बड़ी जीत दर्ज की है. टीम इंडिया के गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पारी को 128 रनों पर ही समेट दिया…

नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में 228 रनों की बड़ी जीत दर्ज की. इसके साथ ही रोहित ब्रेगिड ने 2 महत्वपूर्ण अंक भी अपने नाम किए. पाकिस्तान की टीम को इस मैच में 357 रनों का लक्ष्य मिला था, इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान टीम की पारी को सिर्फ 128 रनों पर समेट दिया. भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने 5 विकेट अपने नाम किए. भारत की पाकिस्तान के खिलाफ यह वनडे क्रिकेट में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है।

पाकिस्तान की टीम जब इस मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को पहला झटका पांचवें ओवर में इमाम उल हक के रूप में 17 के स्कोर पर लगा. इसके बाद पहले 10 ओवरों में पाकिस्तान टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 43 रन बना लिए थे. वहीं 11वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने पाक टीम को इस मैच में सबसे बड़ा झटका देते हुए कप्तान बाबर आजम को एक शानदार इनस्विंग गेंद पर बोल्ड कर दिया. बाबर इस मैच में 24 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इस मुकाबले में पाकिस्तानी पारी के 11 ओवर पूरे होने के बाद एक बार फिर से बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा. तकरीबन 30 मिनट के बाद मुकाबला फिर से जब शुरू हुआ तो शार्दुल ठाकुर ने पाकिस्तान को तीसरा झटका 47 के स्कोर पर मोहम्मद रिजवान के रूप में दिया. यहां से भारतीय टीम की पकड़ इस मुकाबले में काफी मजबूत हो चुकी थी।

भारतीय तेज गेंदबाजों की शानदार शुरुआत के बाद स्पिनर कुलदीप यादव ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तान को 77 के स्कोर पर चौथा झटका फखर जमान को बोल्ड करते हुए दिया. इसके बाद पाक बल्लेबाज पूरी तरह से कुलदीप की स्पिन के आगे घुटने टेकते हुए नजर आए जिसमें उनके लगातार अंतराल पर विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला. 96 के स्कोर तक आधी पाकिस्तानी टीम पवेलियन लौट गई थी।

शादाब खान, इफ्तिखार अहमद और फहीम अशरफ भी बल्ले से कोई खास प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो सके. 128 के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपना 8वां विकेट गंवा दिया. नसीम शाह और हारिस रउफ के बल्लेबाजी करने नहीं आने से मैच को भी यहीं पर खत्म कर दिया गया. भारत की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप ने 5 जबकि हार्दिक, बुमराह और शार्दुल ने 1-1 विकेट हासिल किया।

भारतीय टीम को इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला था. इसके बाद 10 सितंबर को जब भारतीय टीम की पारी बारिश की वजह से रोकी गई तो उस स्कोर 24.1 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 147 रन था. इसके बाद रिजर्व डे में मैच शुरू होने के साथ विराट कोहली और केएल राहुल के सामने पाकिस्तानी गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए।

विराट कोहली ने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का 47वां शतक लगाने के साथ 122 रनों की नाबाद पारी खेली. वहीं केएल राहुल ने भी 6 महीने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक के साथ वापसी करते हुए नाबाद 111 रन बनाते हुए टीम इंडिया का स्कोर 50 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 356 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।

Related Posts