भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे वनडे में 13 रन से हरा दिया है, इस जीत के बाद भारत अब जिम्बाब्वे के खिलाफ 50 ओवर फॉर्मेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में पाकिस्तान की बराबरी पर पहुंच गया है…
नईदिल्ली (ए)। भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे और अंतिम वनडे में 13 रन से हराकर तीन मैच की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप हासिल कर ली। इस रोमांचक जीत के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तान के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। दरअसल, यह रिकॉर्ड जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे मुकाबले जीतने का है। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 50 ओवर फॉर्मेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में अब पाकिस्तान के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
बता दें, हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए शुभमन गिल (130) के पहले शतक की बदौलत 8 विकेट पर 289 रन का स्कोर बनाया और फिर सिकंदर रजा (115) के शतक के बावजूद जिम्बाब्वे को तीन गेंद बाकी रहते 276 रन पर समेट दिया।
यह भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 54वीं जीत है। जिम्बाब्वे को अब भारत और पाकिस्तान ने सबसे ज्यादा बार धोया है। पाकिस्तान ने भी जिम्बाब्वे को 54 बार इस फॉर्मेट में मात दी है। बता दें, इस सूची में तीसरे पायदान पर बांग्लादेश 51 जीत के साथ मौजूद है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे अधिक वनडे मैच जीतने वाली टीम-
पाकिस्तान – 54
भारत – 54
बांग्लादेश – 51
श्रीलंका – 46















