गुवाहाटी में खेले गए पहले वनडे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने एक फैसले से हर किसी का दिल जीत लिया, मैच के बाद हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है…
गुवाहाटी (ए)। भारत ने गुवाहटी वनडे मैच में श्रीलंका को हरा दिया है. टीम इंडिया ने श्रीलंका को 67 रनों के बड़े अंतर से हराया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. भारत ने पहले खेलने के बाद 50 ओवर में 7 विकेट पर 373 रन बनाए थे. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 306 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए कप्तान दासुन शनाका ने नाबाद 108 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और तीन छक्के निकले. वहीं ओपनर पथुम निसांका ने 72 रन बनाए. इसके बावजूद श्रीलंकाई टीम को मैच में 67 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
टॉप ऑर्डर ने किया निराश दासुन शनाका और पथुम निसांका के अलावा धनंजय डी सिल्वा ने 40 गेंदों पर 47 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके जड़े. इन चारों के अलावा बाकी श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने निराश किया. वहीं, भारत के लिए तेज गेंदबाज उमरान मलिक सबसे ज्यादा कामयाब गेंदबाज रहे. उमरान मलिक ने 8 ओवर में 57 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं, मोहम्मद सिराज ने 2 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया. इसके अलावा मोहम्मद शमी और युजवेन्द्र चहल को 1-1 कामयाबी मिली. बहरहाल, टीम इंडिया 3 वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है।
विराट कोहली ने जड़ा वनडे करियर का 45वां शतक इससे पहले भारत के लिए विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने 87 गेंदों पर 113 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 1 छक्का लगाया. यह विराट कोहली के वनडे करियर का 45वां शतक है. वहीं, विराट कोहली के इंटरनेशनल करियर का 73वां शतक है. विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने बेहतरीन पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े. भारतीय कप्तान ने 67 गेंदों पर 83 रन बनाए जबकि शुभमन गिल ने 60 गेंदो पर 70 रनों का योगदान दिया।
भले ही श्रीलंका की टीम इस मैच में हार गई, लेकिन हर कोई दासुन शनाका की शतकीय पारी की तारीफ कर रहा है. हालांकि, अगर रोहित शर्मा चाह लेते तो शनाका शतक नहीं लगा पाते. आप भी सोच रहे होंगे, ऐसे कैसे?
बता दें कि श्रीलंकाई पारी के 50वें ओवर में चौथी गेंद पर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दासुन शनाका को मांकडिंग आउट यानी नॉन स्ट्राइक एंड पर रन आउट कर दिया था, लेकिन भारतीय कप्तान ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपील वापस ले ली और शनाका अपना शतक पूरा कर पाए।
https://twitter.com/BCCI/status/1612848249903394821?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1612848249903394821%7Ctwgr%5E12763b1ed4deb09ab3c92001b67a830538497ac1%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fd-25346080743761561320.ampproject.net%2F2301031703000%2Fframe.html















