भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज पर कब्जा कर लिया है, बारिश की वजह से तीसरा और आखिरी मैच टाई रहा और भारत ने 1-0 से सीरीज जीत लिया, सूर्यकुमार यादव प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे, वहीं तीसरे मुकाबले में चार विकेट चटकाने वाले मोहम्मद सिराज प्लेयर ऑफ द मैच बने…
नईदिल्ली (ए)। बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को तीसरा और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच डकवर्थ लुईस पद्धति से टाई रहा, जिससे हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मेहमान टीम ने 1-0 से सीरीज अपने नाम कर ली. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज के चार-चार विकेट की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 19.4 ओवर में 160 रन के स्कोर पर समेट दिया था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने नौ ओवर में चार विकेट 75 रन बना लिये थे कि बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।
कप्तान हार्दिक पांड्या 30 और दीपक हुड्डा नौ रन बनाकर खेल रहे थे. अंपायरों ने मैच खत्म करने का फैसला किया और दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ मिलाये. भारत का नौ ओवर के बाद स्कोर डकवर्थ लुईस पद्धति के हिसाब से टाई के स्कोर के बराबर था. इस पूरी सीरीज में बारिश ने बाधा उत्पन्न की है. पहला टी20 बारिश के कारण रद्द हो गया था जबकि दूसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 65 रन से शिकस्त दी थी।
सूर्यकुमार यादव ने दूसरे टी20 मैच में 51 गेंद पर नाबाद 111 रन बनाये. सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. तीसरे मुकाबले में चार विकेट चटकाने वाले मोहम्मद सिराज प्लेयर ऑफ द मैच चुने गये. आज के मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही, उसने दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (10 रन) का विकेट गंवा दिया था जो एडम मिल्ने की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग में खड़े मार्क चैपमैन को कैच देकर आउट हुए।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का पारी शुरू कराने का प्रयोग पिछले मैच की तरह इसमें भी विफल रहा जो दो चौके जमाकर पांच गेंद में 11 रन ही बना सके. तीसरे ओवर में टिम साउदी की गेंद को हवा में खेलकर डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर ईश सोढी को कैच देकर पवेलियन पहुंचे. टीम ने अगली गेंद पर तीसरा विकेट श्रेयस अय्यर के रूप में गंवाया जो खाता भी नहीं खोल सके और साउदी का दूसरा शिकार बने. पिछले मैच में अपना दूसरा टी20 शतक जड़ने वाले सूर्यकुमार यादव (13 रन) बड़ी पारी नहीं खेल सके और सोढ़ी की गेंद पर डीप मिडविकेट पर फिलिप्स को कैच दे बैठे।
https://twitter.com/BCCI/status/1594989578330394625?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1594989578330394625%7Ctwgr%5Ed39b31ced7774959e49530ff4d3ba7b49ba59907%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.prabhatkhabar.com%2Flive%2Findia-vs-new-zealand-live-score-updates-3rd-t20-ind-vs-nz-cricket-match-in-napier-aml-jst















