भारतीय टीम ने धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा अंदाज में दक्षिण अफ्रीका को हराया। भारत ने इस तरह पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है…
धर्मशाला (ए)। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट कर दी थी। भारत ने फिर 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। अभिषेक ने 18 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और शुभमन गिल ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इस साझेदारी को कॉर्बिन बॉश ने आउट किया। भारत ने एक बार फिर प्रयोग किया और तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार की जगह तिलक वर्मा को उतारा। तिलक और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की, लेकिन मार्को यानसेन ने गिल को बोल्ड कर दिया। गिल 28 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर असफल रहे और 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक और शिवम दुबे ने भारत की जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 34 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 25 रन और शिवम चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। हार्दिक टी20 में 100 विकेट पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। हार्दिक पांड्या ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। स्टब्स 13 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह 100वां विकेट रहा।
हार्दिक भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह टी20 में भारत के लिए 100 विकेट पूरे कर चुके हैं। बुमराह ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज के पहले मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी और अब हार्दिक भी इस विशेष सूची में शामिल हो गए हैं।
वरुण का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह 50वां विकेट था। वरुण ने 32 मैचों में 50 विकेट पूरे किए हैं। कुलदीप यादव के नाम टी20 में भारत के लिए सबसे तेजी से 50 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड है। कुलदीप ने 30 मैचों में ऐसा किया था। इतना ही नहीं वरुण पूर्णकालिक सदस्य देशों की टीम में सबसे कम गेंदों पर 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उन्होंने 672 गेंदों पर ऐसा किया है। इस सूची में उनसे आगे अजंता मेंडिस (600 गेंद), कुलदीप यादव (638 गेंद) और वानिंदु हसरंगा (660 गेंद) हैं।
















