BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने घर में जीती लगातार 17वीं सीरीज: भारत के अंक प्रतिशत में हुआ सुधार, इंग्लैंड को हुआ नुकसान

इंग्लैंड ने हैदराबाद में पहला टेस्ट 28 रन से जीता था। इसके बाद भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए विशाखापत्तनम में दूसरा टेस्ट 106 रन से, राजकोट में तीसरा टेस्ट 434 रन से और अब रांची में चौथा टेस्ट पांच विकेट से अपने नाम किया…

रांची (ए)। भारत ने चौथे टेस्ट में इंग्लैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत के लिए ध्रुव जुरेल और शुभमन गिल ने छठे विकेट के लिए नाबाद 72 रन की साझेदारी निभाई। जुरेल के बल्ले से विनिंग रन निकले। उन्होंने दो रन लेकर मैच में जीत दिलाई। जुरेल 39 रन और शुभमन 52 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा 55 रन की पारी खेली। सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट सात मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा। ध्रुव ने पहली पारी में 90 रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

भारत ने घरेलू जमीन पर लगातार 17वीं टेस्ट सीरीज जीती है, जो कि एक रिकॉर्ड है। जीत का यह सिलसिला 22 फरवरी 2013 से अब तक जारी है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 1994 से लेकर 2001 तक अपने घर में लगातार 10 टेस्ट सीरीज जीती थी। भारत ने सातवीं बार टेस्ट में सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सीरीज अपने नाम की है। यह 2013 के बाद पहली बार है जब भारत में 150 से ज्यादा रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक किसी टीम ने हासिल किया है। इससे पहले मार्च 2013 में दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी।

 

इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त भी हासिल कर ली है। मेजबान ने मेहमान टीम को रांची में कड़े मुकाबले में पांच विकेट से हराया। 192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत जीत हासिल की। इसका फायदा टीम इंडिया को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में हुआ है। भारतीय टीम के अंक प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है।

 

रांची टेस्ट से पहले भारतीय टीम के 50 अंक थे और अंक प्रतिशत 59.52 था। अब टीम इंडिया के 62 अंक हैं और अंक प्रतिशत 64.58 है। टीम इंडिया दूसरे स्थान पर बनी हुई है। उसने अभी तक आठ मैच खेले हैं और पांच में जीत हासिल की है। भारत ने दो मैच गंवाए हैं और एक ड्रॉ रहा है। न्यूजीलैंड की टीम 75 अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 55 अंक प्रतिशत के साथ तीसरे, बांग्लादेश 50 अंक प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान का अंक प्रतिशत 36.66 है और वह पांचवें स्थान पर है।

 

वेस्टइंडीज 33.33 अंक प्रतिशत के साथ छठे और दक्षिण अफ्रीका 25 अंक प्रतिशत के साथ सातवें स्थान पर है। इंग्लैंड को एक स्थान का नुकसान हुआ है। उसका अंक प्रतिशत 19.44 है और टीम सातवें से आठवें स्थान पर लुढ़क गई है। इंग्लैंड ने अभी तक 2023-25 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में नौ टेस्ट खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है। पांच मैच हारे हैं और एक टेस्ट ड्रॉ रहा है।

 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 अंक तालिका

स्थान टीम मैच जीते हारे ड्रा अंक अंक प्रतिशत
1 न्यूजीलैंड 4 3 1 0 36 75.00
2 भारत 8 5 2 1 62 64.58
3 ऑस्ट्रेलिया 10 6 3 1 66 55.00
4 बांग्लादेश 2 1 1 0 12 50.00
5 पाकिस्तान 5 2 3 0 22 36.66
6 वेस्टइंडीज 4 1 2 1 16 33.33
7 दक्षिण अफ्रीका 4 1 3 0 12 25.00
8 इंग्लैंड 9 3 5 1 21 19.44
9 श्रीलंका 2 0 2 0 0 0.00

 

 

घर में लगातार टेस्ट सीरीज जीत का सबसे लंबा सिलसिला

टीम सीरीज जीत कब से कब तक
भारत 17 2013-2024
ऑस्ट्रेलिया 10 1994-2001
ऑस्ट्रेलिया 10 2004-2008
वेस्टइंडीज 8 1976-1986
न्यूजीलैंड 8 2017-2021

Related Posts