BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के सफल आयोजन हेतु कलेक्टर ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक ली।

बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी प्रमुख व्यवस्थाओं यातायात, सुरक्षा, खिलाड़ियों के आवागमन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएँ तथा दर्शकों की सुविधा की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर डॉ सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएँ। आयोजन के सुचारु संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है।

क्रिकेट आयोजन एजेंसी छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से श्री हरि ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करते हुए यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि मैच के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। खिलाड़ियों के आवास, परिवहन, पेयजल व्यवस्था, एम्बुलेंस, प्रकाश एवं सुरक्षा जैसी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मैच रायपुर जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए उच्च स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एजेंसी को लंबित निर्णयों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्रता से पूर्ण कर अवगत कराने को भी कहा। बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, संबंधित तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts