BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

भारत जब अन्याय और आतंक के सामने आता है, तो वह महादेव के रुद्र रूप को धारण करता है : पीएम मोदी

यह पहली बार है, जब कोई प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में 51वीं बार उपस्थित हुआ है। वाराणसी में 11 सालों में 51 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृति हुईं, जिनमें से 34 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण हो चुका है। वह काशी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और पहचान दिला रहे हैं। 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं प्रगति के चरण में हैं…

 

वाराणसी (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान और आतंकवादियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भारत पर हमला करने वालों को पाताल लोक में छिपाकर भी बचाया नहीं जा सकता। पीएम मोदी ने कहा, “भारत जब अन्याय और आतंक के सामने आता है, तो वह महादेव के रुद्र रूप को धारण करता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया ने भारत का यही रूप देखा है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी को लगभग 2200 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत समेत कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री ने देशभर के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों के लिए भी शनिवार को ‘किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत 20वीं किस्त जारी की।

वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘शिवलिंग’ का स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के अलावा कई कैबिनेट मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अपने भाषण की शुरुआत “ॐ नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव” के जयघोष से करते हुए प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की याद दिलाई, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा, “मैंने बाबा विश्वनाथ से वादा किया था कि अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लूंगा, और आज महादेव के आशीर्वाद से वह वादा पूरा हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता मैं महादेव के चरणों में समर्पित करता हूं।”

पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर पाकिस्तान दोबारा आतंक की गलती करता है, तो इस बार उसे ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत ने स्वदेशी हथियारों – ड्रोन, मिसाइलें, एयर डिफेंस सिस्टम और विशेष रूप से ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “अब ब्रह्मोस मिसाइल उत्तर प्रदेश में भी बनेगी। लखनऊ में इसका निर्माण शुरू हो रहा है। पाकिस्तान आज भी ब्रह्मोस की वजह से सो नहीं पा रहा है। अगर पाकिस्तान फिर पाप करेगा, तो यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों के ठिकानों को खत्म कर देंगी।”

विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम इस बात से परेशान है कि भारत ने पाकिस्तान के आतंकी कैंप तबाह कर दिए। कांग्रेस और सपा पाकिस्तान की चिंता में ज्यादा दुखी हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को ‘तमाशा’ कहा। क्या कोई सिंदूर तमाशा हो सकता है? यह हमारे शहीदों और सैनिकों का अपमान है।”

पीएम मोदी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “उन्होंने सवाल उठाया कि पहलगाम के आतंकियों को उसी दिन क्यों मारा गया। क्या आतंकियों को मारने से पहले इनसे अनुमति ली जानी चाहिए थी? क्या आतंकियों को भाग जाने का इंतजार करना चाहिए था? यही लोग यूपी में सत्ता में रहते हुए आतंकियों को क्लीन चिट देते थे और अब जब भारत उन्हें खत्म कर रहा है, तो इन्हें परेशानी हो रही है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि भारत अब नया भारत है- जो महादेव की पूजा करता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर कालभैरव भी बन जाता है। उन्होंने कहा कि यूपी अब रक्षा निर्माण में अग्रणी बन रहा है और जल्द ही ‘मेड इन इंडिया’ हथियार भारतीय सेना की रीढ़ बनेंगे।

प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वे विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने देखा होगा कि पिछले 11 सालों में चार दर्जन से अधिक देशों ने प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। पूरा विश्व जन कल्याण और विश्वहित के प्रति उनकी दूरदर्शिता का लोहा मानता है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए भारत को आगे बढ़ाने का विजन दिया है। यह सौभाग्य है कि देश की संसद में वह काशी का प्रतिनिधित्व करते हैं। शनिवार को 2200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उपहार काशी को देने के लिए प्रधानमंत्री का यहां आगमन हुआ है।

सीएम योगी ने कहा, “यह पहली बार है, जब कोई प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में 51वीं बार उपस्थित हुआ है। वाराणसी में 11 सालों में 51 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृति हुईं, जिनमें से 34 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण हो चुका है। वह काशी को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और पहचान दिला रहे हैं। 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं प्रगति के चरण में हैं।”

Related Posts