ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की. कंगारू टीम ने चेन्नई में खेले गए निर्णायक मैच में 21 रनों से रोमांचक जीत हासिल की…
चेन्नई (ए)। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच को 21 रनों से अपने नाम करने के साथ इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है. चेन्नई में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए 270 रनों के लक्ष्य का पीछा करना था और एक समय टीम काफी बेहतर तरीके से लक्ष्य की तरफ बढ़ भी रही थी, लेकिन जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने की वजह से टीम 49.1 ओवर में 248 रन बनाकर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लेग स्पिनर एडम जम्पा ने 4 जबकि एश्टन एगर ने 2 विकेट अपने नाम किए. भारत को हार के बाद दोहरा नुकसान हुआ. वह रैंकिंग में दूसरे नंबर पर आ गया है।
अहम समय पर विकेट गंवाने की वजह से भारत को करना पड़ा हार का सामना
इस मुकाबले में भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की. रोहित 30 रनों के निजी स्कोर पर सीन एबॉट की गेंद पर कैच आउट होकर पवेलियन लौटे, वहीं इसके कुछ देर बाद टीम इंडिया को दूसरा झटका शुभमन गिल के रूप में लगा जो 37 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
77 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम की पारी को विराट कोहली और लोकेश राहुल ने संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 93 गेंदों में 69 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को एक बेहतर स्थिति में पहुंचाने का प्रयास किया. इसी समय राहुल 32 रनों की पारी खेलने के बाद एडम जम्पा की गेंद पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद विराट कोहली ने जरूर वनडे में अपना 65वां अर्धशतक पूरा किया लेकिन टीम इंडिया लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई. कोहली जहां 54 रन बनाकर पवेलियन लौटे वहीं सूर्यकुमार यादव एकबार फिर से अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सके. 185 के स्कोर तक भारतीय टीम अपने 6 अहम विकेट गंवा चुकी थीं।
यहां से हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा ने जरूर टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का प्रयास किया लेकिन हार्दिक भी 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अंत में मोहम्मद शमी ने जरूर 14 रनों की पारी खेली लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए यह नाकाफी साबित हुई. भारतीय टीम की पारी इस मैच में 248 रनों पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जम्पा ने 4 जबकि एश्टन एगर ने 2 विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मार्श और एलेक्स कैरी ने खेली अहम पारियां
तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी को लेकर बात की जाए तो पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम 49 ओवरों में 269 रन बनाकर सिमट गई जिसमें मिचेल मार्श के बल्ले से जहां 47 गेंदों में 47 रनों की अहम पारी देखने को मिली वहीं एलेक्स कैरी ने 38 जबकि ट्रेविस हेड ने 33 रनों की पारी खेली।
इसके अलावा निचलेक्रम में मार्कस स्टोइनिस ने 25 और सीन एबॉट के 26 रनों की बदौलत टीम इस लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने 3-3 विकेट हासिल किए जबकि अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।









