BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत को मिली कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी, अहमदाबाद में होगा भव्य आयोजन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा। इसमें 74 देशों के 3000 से ज्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की संभावना है। इसके बाद 2030 में अहमदाबाद में हजारों एथलीट जुटेंगे। 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी वर्ष होगा। साल 1930 में पहली बार कनाडा के हैमिल्टन में इन गेम्स का आयोजन हुआ था…

 

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भारत को 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिल गई है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर यह बड़ा ऐलान किया। एस जयशंकर ने इसे भारत के लिए गौरव का पल करार दिया। भारत दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। इससे पहले भारत ने साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी। तब नई दिल्ली में गेम्स का आयोजन हुआ था। अब एक बार फिर भारत में CWG होने जा रहे हैं।

एस जयशंकर ने अपनी पोस्ट में लिखा-  भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अहमदाबाद में करेगा, जो भारत और गुजरात के लिए गौरव का क्षण है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के दृष्टिकोण का प्रमाण है। कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन से भारत को ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने में काफी मदद मिलेगी। भारत का अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक गेम्स की मेजबानी हासिल करना है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अहमदाबाद को कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा-  गुजरात और भारत के लिए गौरव का क्षण! कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स के कार्यकारी बोर्ड ने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में अनुशंसित किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि अहमदाबाद को भारत की खेल राजधानी बनाने के हमारे दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत की वैश्विक खेल उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक आभार।

गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा। इसमें 74 देशों के 3000 से ज्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की संभावना है। इसके बाद 2030 में अहमदाबाद में हजारों एथलीट जुटेंगे। 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का शताब्दी वर्ष होगा। साल 1930 में पहली बार कनाडा के हैमिल्टन में इन गेम्स का आयोजन हुआ था। हालांकि, तब ब्रिटिश इंडिया ने हिस्सा नहीं लिया था। पहली बार भारत ने ब्रिटिश इंडिया के तौर पर लंदन में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 1934 में शिरकत की थी।

Related Posts