BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत की बेटियों ने वनडे विश्व कप के फाइनल में किया प्रवेश, रनचेज का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। यह जीत सिर्फ मैच नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुई। इस मुकाबले में जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार पारियों ने मैच की दिशा और कहानी दोनों बदल दी…

 

मुंबई (ए)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो अब तक किसी टीम ने नहीं किया था। नवी मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़े रन चेज का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम ने 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। यह जीत सिर्फ मैच नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुई। इस मुकाबले में जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार पारियों ने मैच की दिशा और कहानी दोनों बदल दी।

टीम इंडिया की जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स, जिन्होंने इस अहम मैच में शतक जमाकर भारतीय उम्मीदों को नई उड़ान दी। उन्होंने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए हर गेंद को आत्मविश्वास से खेला और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। जेमिमा के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी शानदार अर्धशतक जड़ा और महत्वपूर्ण समय पर साझेदारी निभाई। दोनों के बीच बनी 168 रनों की पार्टनरशिप ने मैच की दिशा बदल दी। यही साझेदारी भारत को असंभव लगने वाले 339 रन के लक्ष्य तक पहुंचाने में सबसे अहम साबित हुई।

इस जीत के साथ न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को हराया, बल्कि वुमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ी रन चेज करने वाली टीम बन गई। इससे पहले किसी भी टीम ने नॉकआउट मैच में 250 रन से ज्यादा का लक्ष्य हासिल नहीं किया था, लेकिन भारत ने 339 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य चेज कर दिखाया।

यह सिर्फ वर्ल्ड कप नहीं, बल्कि वुमेंस वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी रन चेज भी बन गई है। इससे पहले इसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 331 रनों का लक्ष्य चेज करके रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन अब भारत ने उसी रिकॉर्ड को तोड़कर नया इतिहास रच दिया।

इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार वुमेन्स वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। हालांकि, पिछले दो मौकों पर टीम को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार खिलाड़ी और टीम दोनों का आत्मविश्वास अलग नजर आ रहा है। दिलचस्प बात यह है कि भारत के साथ साउथ अफ्रीका भी फाइनल में पहुंच चुकी है, और दोनों में से किसी ने भी अब तक वनडे वर्ल्ड कप  नहीं जीता है। यानी इस बार महिला क्रिकेट को एक नया विश्व चैंपियन मिलने वाला है।

Related Posts