BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत की एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत, यूएई को 9 विकेट से हराया

यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया…

 

नईदिल्ली (ए)। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने एशिया कप में धमाकेदार आगाज किया है। भारत ने यूएई को नौ विकेट से रौंदकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की है। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया जिसके आगे यूएई के बल्लेबाज एक पल भी चुनौती पेश नहीं कर सके। यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका।

यूएई की टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख सकी और कम स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक शुरुआत की। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अभिषेक चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। अभिषेक से पहले रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ऐसा कर चुके हैं।

अभिषेक यहीं नहीं रुके और उन्होंने तेज खेलना जारी रखा, लेकिन टीम को जीत दिलाने से पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद गिल और सूर्यकुमार ने भारत को पावरप्ले में ही जीत दिला दी। भारत ने इस तरह एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है। उसने इस मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। टीम ने इससे पहले 2016 में यूएई के खिलाफ 59 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी, लेकिन टीम ने अब 93 गेंदें शेष रहते जीत हासिल कर ली।

भारत और यूएई के बीच एशिया कप के ग्रुप ए का मुकाबला महज 106 गेंदों पर ही समाप्त हो गया। यूएई की पारी 79 गेंदों पर सिमट गई, जबकि भारत ने लक्ष्य हासिल करने में 27 गेंदों का सहारा लिया। इस तरह दोनों पारियां मिलाकर 106 गेंदों पर मैच खत्म हो गया। यह चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है जो न्यूनतम गेंदों पर समाप्त हुआ है। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ मैच 93 गेंद, ओमान और इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में हुआ मैच 99 गेंदों और नीदरलैंड और श्रीलंका के बीच 2021 में शारजाह में खेले गए मैच में सिर्फ 103 गेंद ही डल सकी थी।
भारत ने यूएई के खिलाफ 93 गेंदें शेष रहते हुए मैच अपने नाम कर लिया। भारत टी20 में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते जीत दर्ज करने वाला दूसरा पूर्णकालिक देश है। भारत ने इस मामले में अपने पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया है। इससे पहले भारत ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2021 में दुबई में खेले गए मैच को 81 गेंदें शेष रहते हुए जीता था, लेकिन टीम ने अब इसमें सुधार किया। पूर्णकालिक सदस्य टीमों में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते टी20 मैच जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड ने 2024 में ओमान के खिलाफ 101 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी।
भारत ने यूएई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सभी प्रारूप में 16 मैचों बाद यह पहली बार था जब भारत ने टॉस जीता। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत करने की कोशिश की और सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 26 रन जोड़े। लेकिन भारत को पहली सफलता बुमराह ने अलीशान शराफू को आउट कर दिलाई। इसके बाद यूएई के बल्लेबाज साझेदारी के लिए तरस गए। हालांकि, चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने नौवें ओवर में मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नौवां ओवर डालने के लिए कुलदीप को गेंद सौंपी और उन्होंने इस ओवर में तीन विकेट लेकर उसकी पारी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
भारत की घातक गेंदबाजी यूनिट के खिलाफ यूएई के बल्लेबाजों का जोर नहीं चला और टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। उनके आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। यूएई की पारी की शुरुआत कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू ने की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। पहला झटका टीम को 26 रन पर लगा, जब जसप्रीत बुमराह ने अलीशान शराफू (22 रन) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद मोहम्मद जोहेब (2 रन) भी 29 के स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर आउट हो गए। नौवें ओवर में कुलदीप यादव ने कमाल दिखाया और एक ही ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने राहुल चोपड़ा (3), कप्तान मोहम्मद वसीम (19) और हर्षित कौशिक (2) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद यूएई का स्कोर 50 पर ही पांच विकेट खो बैठा।
51 रन पर शिवम दुबे ने आसिफ खान (2) को आउट कर छठा झटका दिया। फिर 52 रन पर अक्षर पटेल ने सिमरनजीत सिंह (1) को एलबीडब्ल्यू कर सातवां विकेट गिराया। जल्द ही दुबे ने ध्रुव पराशर (1) और जुनैद सिद्दीकी (2) को भी आउट कर दिया। अंतिम झटका कुलदीप यादव ने दिया, जब हैदर अली (1) को संजू सैमसन ने कैच पकड़ा। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने तीन विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली। यूएई की पूरी टीम बेहद सस्ते स्कोर पर सिमट गई और भारतीय गेंदबाजों का दबदबा पूरी पारी में देखने को मिला।

Related Posts