2023 एशिया कप में आज यानी मंगलवार 12 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला जाना है. इस मैच में भी बारिश विलेन बन सकती है…
नईदिल्ली (ए)। एशिया कप में टीम इंडिया आज यानी मंगलवार, 12 सितंबर को श्रीलंका से भिड़ेगी. इस मैच में बारिश विलेन बन सकती है. दरअसल, भारत और श्रीलंका का मुकाबला भी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है. वहीं इस मैच के लिए रिजर्व डे भी नहीं रखा गया है। भारत और श्रीलंका के मैच में भी बारिश खलल डाल सकती है. एक्यूवेदर बेवसाइट के मुताबिक, कोलंबो में 12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है. एक्यूवेदर ने भारत-श्रीलंका मैच के दौरान कोलंबो में 84 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही मैच के दौरान काले बादल भी छाए रहेंगे. वहीं 33 प्रतिशत तूफान आने की भी संभावना है।
इससे पहले रविवार को बारिश की वजह से भारत और पाकिस्तान का मैच पूरा नहीं हो सका. लगातार बारिश की वजह से रविवार, 10 सितंबर को भारत-पाक मैच में सिर्फ 24.1 ओवर का खेल हो सका. इस दौरान टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 147 रन बना लिए थे. इसके बाद मैच रिजर्व डे में चला गया. भारत-पाक मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया था. हालांकि, कोलंबो में बारिश जारी है और इसी वजह से रिजर्व डे पर भी मैच समय पर शुरू नहीं हो सका था।
बता दें कि इससे पहले लीग स्टेज में भी भारत और पाकिस्तान का मैच बारिश की भेट चढ़ गया था. इसके बाद नेपाल को हराकर टीम इंडिया सुपर-4 में पहुंची थी. अब भारतीय टीम को सुपर-4 में तीन मैच खेलने हैं. पाकिस्तान के बाद भारतीय टीम 12 सितंबर को श्रीलंका से और 15 सितंबर को बांग्लादेश से भिड़ेगी।














