नईदिल्ली (ए)। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला दोपहर तीन बजे से कोलंबो के प्रेमादास स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया पहले दोनों वनडे जीतकर सीरीज में 2-0 से बढ़त बना चुकी है. टीम इंडिया की नज़रें क्लीन स्वीप के साथ उन खिलाड़ियों को मौका देने की भी हैं जिन्हें पहले दोनों वनडे में प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली।
टीम इंडिया के युवा खिलाड़ियों ने अब तक दोनों मैचों में गेंदबाजी और बल्लेबाजी से अच्छा प्रदर्शन किया है. पहले मैच में भारत को जहां एकतरफा जीत मिली थी, वहीं दूसरे वनडे में दीपक चाहर ने बल्ले से कमाल दिखाते हुए सीरीज को इंडिया के नाम कर दिया।
टीम इंडिया के लिए हालांकि हार्दिक पांड्या और मनीष पांडे का फॉर्म चिंता का विषय हो सकता है. ये दोनों टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं, लेकिन पहले दोनों वनडे में इनका प्रदर्शन औसत रहा है. हार्दिक पांड्या ने हालांकि दोनों वनडे मैचों में गेंदबाजी की है जो कि टीम इंडिया के लिए राहत की बात है।
तीसरे वनडे मुकाबले में संजू सैमसन को मौका मिलना तय माना जा रहा है. संजू सैमसन पहले दो वनडे चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे. लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हैं. प्लेइंग 11 में संजू सैमसन को ईशान किशन के स्थान पर शामिल किया जा सकता है।
इसके अलावा वरुण चक्रवर्ति को भी डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. ऐसी खबरें हैं कि पृथ्वी शॉ के स्थान पर देवदत्त पडिकल या फिर रितुराज गायकवाड़ में से किसी एक खिलाड़ी को प्लेइंग 11 का हिस्सा बनाया जा सकता है।















