BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत और वेस्टइंडीज का पहला वनडे: आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 3 रन से हराया

भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में तीन रन से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 308 रन बनाए, इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 305 रन ही बना सकी…

नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में 3 रन से हरा दिया है। वेस्टइंडीज को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे, लेकिन विंडीज टीम 11 रन ही बना सकी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 308 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 305 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से काइल मेयर्स ने सर्वाधिक 75 रन बनाए। ब्रुक्स ने 46 रन की पारी खेली। ब्रैंडन किंग ने 66 गेंदों में 54 रन बनाए। कप्तान निकोलस पूरन 25 रन बनाकर आउट हुए। अकील होसिन 33 और शेफर्ड ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। भारत की ओर सिराज 2, चहल 2 और ठाकुर को 2 विकेट मिला।

इससे पहले शुभमन गिल ने वापसी करते हुए 64 रन बनाये जबकि कप्तान शिखर धवन शतक से तीन रन से चूक गए, लेकिन दोनों ने भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शुक्रवार को सात विकेट पर 308 रन तक पहुंचाया। शिखर और शुभमन गिल ने भारत को ओपनिंग साझेदारी में 119 रन की शानदार शुरुआत दी। गिल 53 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। शिखर ने फिर  श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। शिखर जब अपने शतक से मात्र तीन रन दूर थे की मोती कन्हाई की गेंद पर ब्रुक्स के हाथों कैच आउट हो गए।  शिखर ने 99 गेंदों पर 97 रन  में 10 चौके और तीन छक्के लगाए।

अय्यर का विकेट शिखर के आउट होने के कुछ देर बाद ही गिर गया। अय्यर ने 57 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाये। सूर्यकुमार 13 और संजू सैमसन 12 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पांचवां विकेट 252 के स्कोर पर गंवाया।

दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर भारत को 300 के करीब पहुंचाया। 49वें ओवर में अलजारी जोसफ ने दोनों बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। शार्दुल ठाकुर ने आखिरी गेंद पर चौका लगाते हुए भारत को 308 रन तक पहुंचाया। शार्दुल सात रन पर नाबाद रहे। वेस्ट इंडीज की तरफ से जोसफ और गुडाकेश मोती ने दो-दो विकेट लिए।

India vs West Indies Score – WI- 305/6 (50),  IND- 308/7

आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 15 रन चाहिए। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। सिराज की दूसरी गेंद पर एक रन बना। तीसरी गेंद पर शेफर्ड ने चौका जड़ दिया है। चौथी गेंद पर शेफर्ड ने दो रन चुराये। इसके बाद सिराज ने एक गेंद वाइड डाली। पांचवीं गेंद पर शेफर्ड ने हल्के हाथों से लॉग ऑफ की ओर खेलकर 2 रन चुरा लिए। आखिरी गेंद पर विंडीज को पांच रन चाहिए थे। सिराज ने यॉर्कर डालकर भारत को मैच जिताया। आखिरी गेंद पर विडींज की टीम एक ही रन बना सकी।

Related Posts