टीम प्रबंधन ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी करीबी नजर रखेगा जिन्होंने दिल्ली में दूसरे टी20 मैच में 34 गेंद पर 74 रन की धमाकेदार पारी खेलने के अलावा दो विकेट भी लिए…
हैदराबाद (ए)। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दो मैचों में जीत दर्ज कर चुकी भारतीय टीम की नजर अब तीसरे टी20 मैच पर है। आज शनिवार को यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस दौरान सूर्यकुमार यादव की सेना का लक्ष्य बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप करना होगा। फिलहाल टीम इंडिया इस सीरीज में 2-0 से आगे है।
भारत ने अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर इस टी20 सीरीज में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जिन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर की रणनीति पर पूरी तरह से अमल करके जीत का जज्बा दिखाया। बांग्लादेश के खिलाफ ही कुछ दिन पहले कानपुर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने जिस तरह से परिणाम हासिल करने के लिए आक्रामक क्रिकेट खेली उससे टीम के नए दृष्टिकोण का पता चलता है। भारत ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीती थी। अब टीम 3-0 से टी20 सीरीज पर भी कब्जा जमाना चाहेगी।
आखिरी टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है…
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रियान पराग, नीतीश कुमार रेड्डी, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मयंक यादव और हर्षित राणा।















