चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक में ऑस्ट्रेलिया टीम की जीत का प्रतिशत 80 रहा है, वहीं टीम इंडिया ने इस मैदान पर 58.33% मैच जीते हैं…
चेन्नई (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक में आज खेला जाएगा. दोनों टीमों फिलहाल इस सीरीज में 1-1 से बराबरी पर हैं. ऐसे में यह आखिरी मुकाबला सीरीज का निर्णायक मैच रहने वाला है. वैसे, इस मैदान पर दोनों टीमों के पिछले आंकड़ों को देखें तो कंगारू टीम ज्यादा मजबूत नजर आती है।
चेपॉक में टीम इंडिया ने अब तक 13 वनडे मैच खेले हैं, इनमें उसे 7 में जीत मिली है और 5 में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच बेनतीजा भी रहा है. यानी टीम इंडिया का इस मैदान पर जीत का प्रतिशत 58.33 रहा है. उधर, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने यहां 5 मुकाबले खेले हैं. इन 5 में से कंगारू टीम ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. यहां उसने केवल एक मैच गंवाया है. यानी ऑस्ट्रेलिया का इस मैदान पर जीत का प्रतिशत 80 रहा है. ऑस्ट्रेलिया ने यहां भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को शिकस्त दी है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चेपॉक में हुए हैं दो मुकाबले
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें वनडे क्रिकेट में इस मैदान पर दो बार आमने-सामने हुई है. इसमें पहली बार ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी तो दूसरी बार भारतीय टीम के हिस्से जीत आई. इस मैदान पर सबसे पहला मुकाबला ही भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था. अक्टूबर 1987 में हुए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने महज एक रन से भारत को शिकस्त दी थी. इसके 30 साल बाद सितंबर 2017 में जब यह दोनों टीमें टकराई तो भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 26 रन से पटखनी दी।
कैसी होगी चेपॉक की पिच?
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच शॉर्ट फॉर्म क्रिकेट में आमतौर पर स्पिन फ्रेंडली होती है, हालांकि यहां तेज गेंदबाजों और बल्लेबाजों को भी बराबर मदद मिलती है. आज 22 मार्च होने वाले मुकाबले के लिए यहां तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मुवमेंट अच्छा मिल सकता है।
टीम इंडिया करना चाहेगी मजबूत वापसी
भारतीय टीम को दूसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 10 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे मैच में टीम इंडिया बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में पूरी तरह से फेल नजर आई. इस मुकाबले में बल्लेबाज 150 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके थे. वहीं गेंदबाजी में भी कोई भी बॉलर एक भी विकेट अपने नाम नहीं कर सका था. ऐसे में भारत इन दोनों डिपार्टमेंट में अच्छा कर मजबूत वापसी करने और सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा।
कब और कहां देखें लाइव
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा वनडे मैच 19 मार्च, रविवार को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा. इस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा. वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग Disney+ Hotstar पर की जाएगी।









