भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें एक बार फिर से फाइनल में भिड़ने के लिए तैयार हैं. फैंस को इस बार मुशीर खान और उदय सहारन से उम्मीदें होंगी…
नईदिल्ली (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें करीब 3 महीने बाद एक बार फिर से फाइनल मैच के लिए मैदान पर होंगी. अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज रविवार को खेला जाएगा. टीम इंडिया के फैंस को इस बार खिताबी जीत की उम्मीद होगी. भारतीय कप्तान उदय सहारन और मुशीर खान इस बार रोहित शर्मा और विराट कोहली के सपने को पूरा करने के करीब हैं. भारतीय टीम विश्व कप 2023 के फाइनल में हार गई थी. लेकिन अब फैंस को अंडर19 विश्व कप के फाइनल में खिताबी जीत की उम्मीद है।
उदय अंडर 19 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप पर हैं. उन्होंने 6 मैचों में 389 रन बनाए हैं. इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं. उदय मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करने के लिए आते हैं और अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाते हैं. उदय ने आयरलैंड के खिलाफ 75 रनों की शानदार पारी खेली थी. उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 81 रन बनाए थे. अब फाइनल में भी कमाल दिखा सकते हैं।
मुशीर ने सेमीफाइनल में कुछ खास नहीं कर सके थे. वे 4 रन बनाकर आउट हो गए थे. लेकिन वे सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं. मुशीर ने 6 मैचों में 338 रन बनाए हैं. वे इस दौरान 2 शतक भी लगा चुके हैं. मुशीर के बड़े भाई सरफराज खान सीनियर टीम इंडिया का हिस्सा हैं. वे इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा बने हैं।
भारत के सामने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की चुनौती होगी. टीम इंडिया को उससे कड़ी टक्कर मिलेगी. ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया था. यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा था. उसके लिए हैरी डिक्सन ने काफी अच्छा परफॉर्म किया है. वे टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं. हैरी ने 6 मैचों में 267 रन बनाए हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का प्रदर्शन
2000 सीजन- Vs श्रीलंका- 6 विकेट से जीते
2008 सीजन- Vs साउथ अफ्रीका- 12 रन से जीते
2012 सीजन- Vs ऑस्ट्रेलिया- 6 विकेट से जीते
2018 सीजन- Vs ऑस्ट्रेलिया- 8 विकेट से जीते
2022 सीजन- Vs इंग्लैंड- 4 विकेट से जीते।
भारतीय टीम: उदय सहारन (कप्तान), अर्शिन कुलकर्णी, आदर्श सिंह, रुद्र मयूर पटेल, सचिन धस, प्रियांशु मोलिया, मुशीर खान, अरावेली अवनीश राव (विकेटकीपर), सौमी कुमार पांडे (उप-कप्तान), मुरुगन अभिषेक, इनेश महाजन (विकेटकीपर), धनुष गौड़ा, आराध्य शुक्ला, राज लिम्बानी, नमन तिवारी.
ऑस्ट्रेलियाई टीम: हैरी डिक्सन, सैम कोनस्टास, ह्यू वीबगेन (कप्तान), हरजस सिंह, रयान हिक्स (विकेटकीपर), टॉम कैम्पबेल, ओलिवर पीक, राफ मैकमिलन, टॉम स्ट्राकर, महली बियर्डमैन, कैलम विडलर, लाचलान एटकेन, चार्ली एंडरसन, हरकीरत बाजवा, एडन ओ कॉनर.
















