भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी20 मैच आज रायपुर में खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया दो बदलावों के साथ अपनी प्लेइंग इलेवन उतार सकती है. आइए हम आपको बताते हैं वो दो बदलाव कौन से हो सकते हैं…
रायपुर। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच आज रायपुर में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया जीत के इरादे से उतरेगी, क्योंकि अगर भारत आज का मैच जीत जाता है, तो सीरीज पर कब्जा कर लेगा, लेकिन आज जीत नहीं मिलती तो सीरीज का फैसला पांचवे औ आखिरी टी20 मैच में होगा।
आज के मैच में टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया दोनों की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होने की पूरी उम्मीद है. आइए हम आपको इस आर्टिकल में टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन के बारे में बात करते हैं। टीम इंडिया की बल्लेबाजी क्रम में श्रेयस अय्यर वापस आ सकते हैं। वह चौथे और पांचवे टी20 मैच के लिए उपलब्ध हैं, और इसलिए सूर्युकमार यादव श्रेयस को अपनी टीम में भी शामिल कर सकते हैं। अय्यर को तिलक वर्मा की जगह शामिल किया जा सकता है, क्योंकि टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम में अभी तक सिर्फ तिलक वर्मा ही है, जिन्होंने कोई खास पारी नहीं खेली। बाकी सभी खिलाड़ियों ने रन बनाए हैं, इसलिए तिलक की जगह श्रेयस को शामिल किया जा सकता है।
इसके अलावा टीम इंडिया की गेंदबाजी क्रम में भी बदलाव किया जा सकता है। पहले दो टी20 मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मुकेश कुमार तीसरे टी20 मैच में खेल नहीं पाए थे, क्योंकि उन्होंने अपनी शादी के लिए बीसीसीआई से छुट्टी मांगी थी। तीसरे मैच में उनकी जगह आवेश खान को मौका मिला था, और उन्होंने भी अच्छी गेंदबाजी की थी। हालांकि, गुवाहाटी में हुए पिछले मैच में प्रसिद्ध कृष्णा काफी मंहगे साबित हुए थे, इसलिए चौथे मैच में उनकी जगह पर ही मुकेश कुमार को मौका दिया जा सकता है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी20 छत्तीसगढ़ के रायपुर में बने शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं रायपुर के मौसम की बात करें तो weather.com के मुताबिक, आज यानी 01 दिसंबर को न सिर्फ मैच के वक़्त बल्कि पूरे दिन बारिश के बिल्कुल भी आसार नहीं हैं. आसामान साफ रहने की संभावना है।
तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. शाम पांच बजे तक आसमान में कुछ बादल आ सकते हैं, लेकिन उसके बाद आसामन पूरी तरह साफ होगा. यानी बारिश मुकाबले में किसी भी तरह का कोई प्रभाव नहीं डालेगी. वहीं दिन में 6 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार।















