भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले जा रहे दूसरे वनडे में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते कई रिकॉर्ड्स बना दिए हैं. आइए जानते हैं सभी रिकॉर्ड्स…
इंदौर (ए)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का दूसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया. बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की अच्छी तरह से धुनाई करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 399 रन बोर्ड पर लगा दिए. इस टोटल के साथ इंदौर में कई रिकॉर्ड्स बन गए. आइए जानते हैं भारत ने किन-किन रिकॉर्ड्स पर कब्ज़ा किया।
भारत की एक पारी में लगे 18 छक्के
इंदौर मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से पहली पारी में 18 छक्के लगाए गए. भारत की ओर से वनडे की एक पारी में सबसे ज़्यादा 19 छक्के लगे हैं. टीम इंडिया वनडे में 3,000 छक्के लगाने वाली पहली टीम बन गई है. भारत की ओर से एक वनडे पारी में लगाए गए सबसे ज़्यादा छक्के…
- 19 छक्के- बनाम ऑस्ट्रेलिया, बेंगलुरु, 2013
- 19 छक्के- बनाम न्यूजीलैंड, इंदौर, 2023
- 18 छक्के- बनाम बरमूडा, पोर्ट ऑफ स्पेन, 2007
- 18 छक्के- बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 2009
- 18 छक्के- बनाम ऑस्ट्रेलिया, इंदौर, 2023.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा सबसे बड़ा टोटल
टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे बड़ा टोटल बनाने वाली चौथी टीम बनी. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल (481/6) इंग्लैंड ने 2018 में नॉटिंघम में खेले गए मुकाबले में बनाया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे बड़े टोटल…
- 481/6 – इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2018
- 438/9 – दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2006
- 416/5 – दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 2023
- 399/5 – भारत, इंदौर, 2023
- 383/6 – भारत, बेंगलुरु, 2013.
वनडे में ऑस्ट्रेलिया के लिए सयुंक्त रूप से सबसे महंगा ओवर
ऑस्ट्रेलिया की ओर से साइमन डेविस ने इंग्लैंड के खिलाफ 1987 में सबसे मंहगा ओवर फेंका था. साइमन डेविस ने एक ओवर में 26 रन खर्चे थे. आज भारत के खिलाफ कैमरून ग्रीन ने भी एक ओवर में 26 रन लुटा दिए. ग्रीन सयुंक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज़ बन गए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से वनडे के सबसे महंगे ओवर…
- 26 रन – साइमन डेविस बनाम इंग्लैंड, पर्थ, 1987
- 26 रन – क्रेग मैकडरमॉट बनाम दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 1994
- 26 रन – जेवियर डोहर्टी बनाम भारत, बेंगलुरु, 2013
- 26 रन – एडम जम्पा बनाम दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 2023
- 26 रन – कैमरून ग्रीन बनाम भारत, इंदौर, 2023.
वनडे में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरा सबसे महंगा स्पेल
कैमरून ग्रीन ऑस्ट्रेलिया की ओर से तीसरा सबसे महंगा वनडे स्पेल डालने वाले गेंदबाज़ बने. ग्रीन ने 10 ओवर में 103 रन खर्चे. हालांकि उन्हें 2 विकेट भी मिले. ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे महंगा स्पेल मिक लुईस ने 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डाला था. मिक ने 10 ओवर में 113 रन खर्चे थे. ऑस्ट्रेलिया की ओर से वनडे के सबसे महंगे स्पेल…
- 0/113 – मिक लुईस बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2006
- 0/113 – एडम जम्पा बनाम दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन, 2023
- 2/103 – कैमरून ग्रीन बनाम भारत, इंदौर, 2023
- 0/100 – एंड्रयू टाई बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2018
- 3/92 – झाय रिचर्डसन बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम, 2018.
भारत के खिलाफ तीसरा सबसे महंगा वनडे स्पेल
ग्रीन भारत के खिलाफ वनडे में सबसे महंगा स्पेल डालने वाले तीसरे गेंदबाज़ बने. ग्रीन ने 10 ओवर में 103 रन लुटाए. इस दौरान उन्होंने 2 विकेट लिए. अब तक भारत के खिलाफ वनडे का सबसे महंगा स्पेल श्रीलंका के नुवान प्रदीप ने डाला है. नावुन ने 2017 में भारत के खिलाफ मोहाली में खेले गए वनडे में 10 ओवर में बिना विकेट लिए 106 रन खर्चे थे. भारत के खिलाफ वनडे के सबसे महंगे स्पेल…
- 0/106 – नुवान प्रदीप (श्रीलंका), मोहाली, 2017
- 0/105 – टिम साउदी (न्यूजीलैंड), क्राइस्टचर्च, 2009
- 2/103 – कैमरून ग्रीन (ऑस्ट्रेलिया), इंदौर, 2023
- 3/100 – जैकब डफी (न्यूजीलैंड), इंदौर, 2023.
इंदौर वनडे में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत द्वारा बनाये गए स्कोर
भारत ने इंदौर में अब तक 6 वनडे खेल लिए हैं. आज टीम इंडिया हेल्कर क्रिकेट स्टेडियम में 7वां एकदिवसीय मुकाबला खेल रही है. अब तक के 6 में से 5 मुकाबलों में ने भारत ने पहले बल्लेबाज़ी की है. पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने लगभग अच्छा स्कोर ही बनाया है. भारत ने इंदौर में सभी 6 वनडे जीते हैं. इंदौर में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऐसे रहे भारत के टोटेल…
- 292/9 बनाम इंग्लैंड, 2008
- 418/5 बनाम वेस्ट इंडीज, 2012
- 247/9 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2015
- 385/9 बनाम न्यूजीलैंड, 2023
- 399/5 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2023.
वनडे की 35 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने गिल
वनडे क्रिकेट के इतिहास में 35 पारियों में 1900 रन बनाने वाले शुभमन गिल विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस रिकॉर्ड लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, पाकिस्तान के बाबर आजम, फखर जमान और विराट कोहली व सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है.
वनडे की 35 पारियों में सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल- 1917 रन
हाशिम अमला- 1844 रन
बाबर आजम- 1758 रन
रासी वान डर डुसेन- 1679 रन
फखर जमान- 1642 रन
शुभमन गिल ने इस साल जड़ा पांचवां शतक
शुभमन गिल का इस साल यह पांचवां शतक है. वह एक कैलेंडर ईयर में पांच या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले सातवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और शिखर धवन यह कारनामा कर चुके हैं. कोहली ने चार तो रोहित ने तीन बार यह कारनामा किया है. वहीं सचिन तेंदुलकर सिर्फ दो बार ही ऐसा कर सके।
शुभमन गिल भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने अब तक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 18 टेस्ट, 35 वनडे और 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 33 पारियों में उन्होंने 32.2 की औसत से 966 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 2 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं. वहीं वनडे में उन्होंने 1900 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में गिल ने 11 पारियों में 30.4 की औसत और 146.86 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बना लिए हैं, जिसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है. गिल भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं।
भारतीय पारी के 31वें ओवर में अजीब नजारा देखने को मिला. दरअसल, भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज सीन एबॉट के 31वें ओवर में 2 बार आउट हुए।
भारतीय कप्तान केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर में खेले जा रहे दूसरे वनडे में बेहद ही शानदार फॉर्म में दिखाई दिए. उन्होंने 38 गेंदों में 52 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली. कप्तान राहुल की इस पारी में 3 चौको और 3 दर्शनीय छक्के शामिल रहे. राहुल ने अपनी पारी में एक छक्का इतनी ज़ोरदार लगाया कि गेंद मैदान के बाहर जाकर गिरी।















