पुणे (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार ( 28 मार्च) को पुणे के एमसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले मैच गंवाने के बाद इंग्लैंड ने दूसरे मुकाबले में जबर्दस्त वापसी करते हुए भारत की टीम को 6 विकेट से हराया था। दूसरे वनडे में इंग्लिश बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था, जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली थी। इंग्लैंड अपने पिछले मैच के प्रदर्शन को तीसरे वनडे में भी दोहराना चाहेगी। वहीं विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया टेस्ट, टी-20 के बाद वनडे सीरीज को भी अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पहले वनडे मैच में शानदार वापसी करके टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान निभाने वाले टीम इंडिया के गेंदबाज दूसरे मुकाबले में बेअसर नजर आए। टीम को छह गेंदबाज की कमी साफतौर पर खली, जबकि क्रुणाल पांड्या और कुलदीप यादव ने मिलकर जमकर रन लुटाए। ऐसे में कप्तान विराट कोहली इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। हालांकि, टीम के बल्लेबाज पिछले मैच में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। केएल राहुल का फॉर्म में वापस लौटना टीम के लिए बेहद राहत भरी खबर है, राहुल ने पिछले मैच में शतकीय पारी खेली थी। वहीं, विराट कोहली, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया था। भारतीय समयानुसार यह मैच दिन में 1:30 बजे से शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी 1.00 बजे होगा।
जीत से दौरे का अंत करना चाहेगी इंग्लिश टीम
टेस्ट और टी-20 सीरीज पहले ही गंवा चुकी इंग्लैंड की टीम रविवार को जब एमसीए के मैदान पर उतरेगी तो टीम की नजर दौरे के आखिरी मैच में जीत दर्ज करने पर होगी। दूसरे वनडे मैच में जॉनी बेयरस्टो ने धमाकेदार शतकीय पारी खेली थी, जबकि जेसन रॉय भी अच्छी लय में नजर आए थे। बेन स्टोक्स पिछले मुकाबले में नंबर तीन की पोजिशन पर काफी कारगर साबित हुए थे और उन्होंने 99 रनों की जोरदार इनिंग खेली थी। हालांकि, गेंदबाजी जरूर टीम के लिए एक चिंता का विषय है। अबतक खेले गए दोनों ही वनडे मैचों में इंग्लैंड के गेंदबाज भारत को 300 से कम के स्कोर पर रोकने पर नाकाम रहे हैं।














